
जयपुर। विधानसभा के सामने विधायक आवास पश्चिम में रविवार सुबह करीब डेढ़ दर्जन क्वार्टरों में बिजली का हाईवोल्टेज आने से बड़ी संख्या में विद्युत उपकरण फूंक गए। अजमेर के केकड़ी से संसदीय सचिव शत्रुघ्न गौतम के आवास में उनके कमरे में आग लग गई। हालांकि घटना के समय वे क्षेत्रीय दौरे पर थे, इससे बड़ी घटना होने से बच गई। हालांकि घटना के बाद से पीडब्ल्यूडी अधिकारी और बिजली विभाग के अधिकारी एक दूसरे पर आरोप लगा अपना पल्ला झाड़ते नजर आए।
एसी के स्टेपलाइजर से लगी कमरे में आग
संसदीय सचिव शत्रुघ्न गौतम के कमरे में डबल बैड के पास रखे एसी के स्टेपलाइजर में हाईवोल्टेज से शॉर्ट सर्किट होने पर आग लग गई। आग सटकर लगे बैड के गद्दे तक पहुंच गई। इससे गद्दे व पलंंग भी आग की चपेट में आ गए। संसदीय सचिव के क्वार्टर में अन्य कमरे में सो रहे राजेन्द्र ने बताया कि सुबह करीब 8 बजे जागने पर उन्हें बगल वाले कमरे में से धुआं निकलने का पता चला। गेट खोला तो पैरों तले जमीन खिसक गई। संसदीय सचिव का बैड जल गया था। उससे धुआं निकल रही थीं। आस-पास से लोगों को बुलाया और पुलिस कन्ट्रोल रूम को सूचना दी। बाल्टी से पानी डाल आग बुझाई।
किसी का आरओ तो किसी के पंखे व अन्य उपकरण जलें
विधायक आवास पश्चिम में 54 क्वार्टर हैं। इनमें से करीब 16 विधायकों के आवासों में विद्युत उपकरण फूंक गए। विधायक पूरणमल सैनी के आवास में लगा आरओ, चार मोबाइल चार्जर, पांच ट्यूबलाइट फूंक गए। वहीं जितेन्द्र कुमार गोठवाल के आवास में लगा आरओ व पांच ट्यूबलाइट व सीएफएल जल गईं। इसके अलावा अन्य क्वार्टरों में पंखे, ट्यूबलाइट, सीएफएल व अन्य उपकरण फूंक गए।
शिकायत के बाद भी नहीं हुई सुनवाई
विधायक पूरणमल सैनी के निजी पीएस महेन्द्र सैनी सहित कई क्वार्टरों में रहने वाले लोगों ने बताया कि एक माह से बिजली विभाग में शिकायत कर रहे थे, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हुई। उनकी सुनवाई नहीं होने पर कई विद्युत उपकरण फूंक गए। अब इस घटना का जिम्मेदार कौन है।