Jaipur High Voltage Drama: गुलाबी नगरी यानी जयपुर के हृदय स्थल 'बड़ी चौपड़' पर सोमवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने बीच सड़क पर अपनी गाड़ी खड़ी कर जमकर हंगामा किया।
युवक न केवल यातायात बाधित कर गाड़ी की छत पर चढ़ गया, बल्कि हाथ में सिगरेट लेकर अजीबोगरीब तरीके से नशे के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने लगा। इस ड्रामे के कारण व्यस्ततम इलाके में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
हंगामा करने वाले युवक की पहचान वरुण जौहरी के रूप में हुई है। चश्मदीदों के मुताबिक, वरुण अपनी कार लेकर बड़ी चौपड़ पहुंचा और अचानक गाड़ी रोककर उसकी छत पर जा खड़ा हुआ। वह अपने साथ दो बड़े प्लास्टिक के डिब्बे लेकर आया था, जो बीड़ी और सिगरेट के बंडलों से भरे हुए थे।
हैरानी की बात यह रही कि युवक एक तरफ तो बीड़ी-सिगरेट को पूरी तरह बैन करने की मांग करते हुए चिल्ला रहा था। वहीं, दूसरी ओर खुद गाड़ी की छत पर खड़े होकर सिगरेट के कश लगा रहा था। विरोध और नशे का यह विरोधाभास देख वहां मौजूद लोग दंग रह गए।
सड़क के बीचों-बीच हो रहे इस ड्रामे की सूचना मिलते ही पास तैनात पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने वरुण को समझाइश कर नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन वह टस से मस नहीं हुआ।
काफी देर तक चले इस ड्रामे के कारण बड़ी चौपड़ के चारों ओर ट्रैफिक जाम हो गया। आखिरकार, स्थिति बिगड़ती देख दो पुलिसकर्मियों ने फुर्ती दिखाते हुए गाड़ी की छत पर चढ़कर युवक को पीछे से दबोचा और नीचे उतारा।
युवक सड़क पर गाड़ी रोककर यातायात बाधित कर रहा था। उसे हिरासत में लेकर माणकचौक थाने लाया गया है, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।
-राकेश ख्यालिया, थाना प्रभारी (माणकचौक)
इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग इस 'हाई वोल्टेज ड्रामे' को देखकर कानून व्यवस्था और सार्वजनिक शांति पर सवाल उठा रहे हैं।
फिलहाल, पुलिस युवक के मानसिक स्वास्थ्य और इस हंगामे के पीछे के असली कारणों की जांच कर रही है। यह घटना दर्शाती है कि किस तरह प्रचार पाने या विरोध जताने के लिए लोग सार्वजनिक सुरक्षा को ताक पर रख देते हैं।