75 दिन बाद मिला भाजपा को प्रदेशाध्यक्ष, किया पदभार ग्रहण, गणेश मंदिर में किए दर्शन, स्व. शेखावत के समाधि स्थल पर भी गए
जयपुर. भाजपा को आखिरकार 75 दिन बाद अध्यक्ष मिल गया। नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष मदन लाल सैनी ने कहा कि सरकार को कोसना बंद करो, जो काम सरकार ने किए हैं, उनको जन-जन तक पहुंचाओ। कोई भी व्यक्ति 'परफेक्ट' नहीं हो सकता। प्रदेश में एक बार कांग्रेस और एक बार भाजपा की सरकार आने की परम्परा को इस बार खत्म कर दो। सैनी शनिवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पदभार ग्रहण करने के बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। सैनी ने कहा कि यह चुनाव आसान नहीं होने वाला है। जिसका राज है, उसी का आज है। राज का सम्मान अलग होता है, काम हुए होंगे नहीं हुए होंगे, लेकिन क्या ट्रांसफर के फैसले पर राष्ट्र की बलि चढ़ा दोगे?
चुनाव करीब जुट जाओ: मुख्यमंत्री
वसुंधरा ने कहा कि छोटे से कार्यकर्ता को सबसे ऊंचे पद पर पहुचाने का काम भाजपा ही कर सकती है। खुद सैनी को विश्वास नहीं होगा कि वे आज यहां तक पहुंच जाएंगे। पांच माह बाद प्रदेश के चुनाव होने जा रहे हैं। कार्यकर्ता आने वाले विस चुनाव में भारी बहुमत से जिताएंगे। सीएम ने पूर्व प्रदेश अशोक परनामी की जमकर तारीफ की। कहा कि इस्तीफा देने की बात आई तो एक मिनट भी नहीं लगाया। वसुंधरा ने कांग्रेस नेताओं पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वे कितने भी हल्ला कर लें। यह पार्टी कभी एक दूसरे से अलग नहीं होती।
ये रहे मौजूद
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओम प्रकाश माथुर, राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री वी सतीश, गृहमंत्री गुलाब चंद कटारिया, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री राजेन्द्र राठौड़, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अरुण चतुर्वेदी, भाजपा के संगठन महामंत्री वी सतीश मंच पर मौजूद रहे।
फूलमालाओं से लादा
सैनी शनिवार दोपहर जयपुर एयरपोर्ट पहुंचे। वहां उनका स्वागत हुआ। इसके बाद वे मोती डूंगरी गणेश मंदिर पहुंचे। यहां आशीर्वाद लेने के बाद वे सीधे भाजपा कार्यालय पहुंचे और पदभार ग्रहण किया। वे स्व. भैरोसिंह शेखावत के समाधि स्थल पर भी गए।
इन मुद्दों पर भी बोले सैनी
पुराने कार्यकतार्: भाषण की शुरूआत ही पार्टी के बुजुर्ग कार्यकर्ता और जिनका देहांत हो चुका है, से की। भाषण में इसी बात पर जोर दिया कि पुराने कार्यकर्ताओं को वे फिर से सक्रिय करेंगे।
आरएसएस: किसी पार्टी के लिए नहीं, विचार के लिए काम करता हूं, जिस विचार को स्थापित करने के लिए कई पीढिय़ां काम करती हुई चली गईं। प्रचारकों ने संघ को खड़ा किया। संघ के सिद्धांतों के लिए ही काम कर रहा हूं।
मिशन 180: उनका लक्ष्य अब पार्टी की ओर से दिया गया मिशन 180 है। 2019 के चुनाव को लेकर भी 25 की 25 सीटें दिलाने का प्रयास करने के लिए कार्यकर्ताओं का आह्वान किया।
पार्टी का ऋण: राज्यसभा का ऋण तो चुका नहीं पाया, दूसरा ऋण और चढ़ गया है। उन्होंने अपनी पत्नी का भी धन्यवाद दिया और कहा कि उन्होंने कभी भी उनके पैर काम करने से रोके नहीं।
दुल्हा काणा पर काणा नहीं कहते
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता कहते है मेरा विधायक- मेरा मंत्री ऐसा है, वैसा है। यह कहना छोड़ दीजिए। शादी में दुल्हा भले ही काणा हो, लेकिन वह होता तो अपना ही है। गलतियां किससे नहीं होती। पार्टी जो कर रही है, उसे बढ़ा चढ़ा कर बोलिए।
अब भी भी यही हुआ, आया फोन
उन्होंने बताया कि उनको जब राज्यसभा सदस्य मनोनीत करने के लिए प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी का फोन आया तो उनको यकीन ही नहीं हुआ। इसके कुछ ही समय बाद खुद मुख्यमंत्री का फोन आ गया। ऐसा ही कुछ प्रदेश अध्यक्ष के मामले में भी हुआ।
कार्यकर्ताओं का भी काम करना
भीड़ में से किसी ने कहा कि कार्यकर्ताओं के भी काम करना। इस पर सैनी ने कहा कि बात बिल्कुल ठीक है। कार्यकर्ताओं का काम होना चाहिए। कार्यकर्ता अपने काम के लिए भटकता रहे। यह नहीं चाहता।
प्रदेशाध्यक्ष के स्वागत कार्यक्रम में कटी जेब
जयपुर. भाजपा के नए प्रदेशाध्यक्ष के स्वागत कार्यक्रम में किसी कार्यकर्ता की जेब कट गई, किसी का पर्स खो गया।
अशोकनगर थाने में बरकतनगर निवासी सुरेश सैनी ने मामला दर्ज कराया कि शनिवार दोपहर भाजपा प्रदेश कार्यालय में स्वागत कार्यक्रम के दौरान जेब से 25 हजार रुपए पार हो गए। सैनी भाजपा व्यापार मंडल में पदाधिकारी हैं और एमआई रोड पर उनका कपड़ों का शोरूम है। इसी तरह जवाहर सर्कल थाने में दी रिपोर्ट में वैर-भरतपुर निवासी गंभीर सिंह ने बताया कि सुबह एयरपोर्ट पर स्वागत के दौरान उनका पर्स खो गया।