जयपुर

Holi 2023 : फागण का महीना शुरू, होने लगी होली की धमाल

फाल्गुन कृष्ण प्रतिपदा पर सोमवार को फागण का महीना शुरू हुआ। अब शहर में एक माह तक होली की धमाल और फाग के रंग बिखरे नजर आएंगे। घर-मंदिर फाग का रंग जमेगा।

less than 1 minute read
Feb 21, 2023
holi_3.jpg

जयपुर। फाल्गुन कृष्ण प्रतिपदा पर सोमवार को फागण का महीना शुरू हुआ। अब शहर में एक माह तक होली की धमाल और फाग के रंग बिखरे नजर आएंगे। घर-मंदिर फाग का रंग जमेगा। मंदिरों में ठाकुरजी के साथ फूलों की होली खेली जाएगी, वहीं होली की धमाल की गूंज सुनाई देगी। शहर फाग के रंग के बीच श्याम रंग में भी रंगा नजर आएगा।

गोविंददेवजी मंदिर में फाग व खाटू श्याम जी पदयात्रा
फाल्गुन महीने में जहां होली की धमाल के बीच फाग के रंग बिखरेंगे, वहीं फूलों की बरसात फागोत्सव का उल्लास बिखेरेगी। जयपुर के आराध्य गोविंददेवजी मंदिर में करीब 20 दिन फाग के रंग नजर आएंगे। वहीं खाटू श्यामजी के भक्त श्याम निशान लिए जयपुर से पैदल रवाना होंगे। श्याम प्रभु के भजनों के बीच फाग के गीत भक्तों का उत्साह बढ़ाते नजर आएंगे।

दो दिन होगा होलिका दहन
देश में इस बार होलिका दहन दो दिन होगा। राजस्थान सहित कई राज्यों में फाल्गुन शुक्ल प्रदोषकाल व्यापिनी चतुर्दशीयुक्त पूर्णिमा पर 6 मार्च को होलिका दहन होगा। वहीं अगले दिन 7 मार्च को रंगों का त्योहार धुलंडी मनाई जाएगी। जबकि भारत के पूर्वी राज्यों में होलिका दहन 7 मार्च को होगा, वहां 8 मार्च को धुलंडी पर्व मनाया जाएगा।

केन्द्र और राज्य सरकार की छुट्टी भी अलग—अलग
होली के त्योहार की छुट्टी भी इस बार केन्द्र सरकार और राज्य सरकार ने अलग-अलग की है। केन्द्र सरकार के अनुसार 7 मार्च को होलिका दहन छुट्टी (ऐच्छिक) है, जबकि 8 मार्च को होली (धुलंडी) की छुट्टी दी है। वहीं राजस्थान सरकार ने होली का दहन की छुट्टी 6 मार्च की है, वहीं 7 मार्च को धुलंडी की छुट्टी घोषित की है।

Published on:
21 Feb 2023 03:53 pm