जयपुर

जयपुर में भीषण हादसा, 100 किलोमीटर/घंटे से ज़्यादा की रफ्तार में एसयूवी ने बीटेक छात्र की ज़िंदगी छीनी

Jaipur Road Accident: जयपुर में एसयूवी से हुए भीषण सड़क हादसे में एक 19 वर्षीय छात्र ने अपनी जान गंवा दी।
2 min read
Jul 31, 2026
Vikalp alias Raja Meena
विकल्प उर्फ राजा मीणा

जयपुर में एक भीषण सड़क हादसे का मामला सामने आया है। पत्रकार कॉलोनी में वंदे मातरम रोड पर बुधवार दोपहर 2:15 बजे एक बेकाबू और तेज़ रफ्तार एसयूवी की टक्कर से स्कूटी सवार बी.टेक छात्र की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय कार की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे से भी ज़्यादा थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि छात्र उछलकर एसयूवी के बोनट पर जा गिरा और फिर सड़क पर गिर गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना का सीसीटीवी फुटेज गुरुवार को सामने आया है। थानाधिकारी उदय सिंह यादव ने बताया कि मृतक की पहचान सूर्य नगर (गोपालपुरा बाईपास) निवासी विकल्प उर्फ राजा मीणा के रूप में हुई है, जिसकी उम्र 19 वर्ष थी।

"बाल कटवाकर अभी आता हूं"… यही थे विकल्प के आखिरी शब्द

विकल्प ने हाल ही बी.टेक में प्रवेश लिया था। उसके पिता राम प्रतिहार बूंदी में स्कूल व्याख्याता है, जबकि वह जयपुर में अपनी माँ और छोटी बहन के साथ रहता था। बुधवार दोपहर वह घर से यह कहकर निकला था कि बाल कटवाकर थोड़ी देर में लौट आएगा, लेकिन कुछ ही देर बाद हादसे की सूचना आ गई।

स्पीड तय फिर भी नहीं थम रहे हादसे

शहर में बेकाबू रफ्तार से हादसे बढते ही जा रहे हैं। शहर में दुपहिया वाहनों के लिए 40 किलोमीटर प्रति घंटा तो चौपहिया वाहनों के लिए 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार निर्धारित है। इसके बावजूद लोग ट्रैफिक नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं।

टायर फटने पर कार छोड़कर भागा चालक

विकल्प महिमा सर्कल से पत्रकार कॉलोनी टी पॉइंट की ओर जा रहा था, तभी स्कूटी के पीछे से बेकाबू एसयूवी ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोर की थी कि एसयूवी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसका एक टायर फट गया। इसके चलते चालक गाड़ी को ज़्यादा दूर नहीं ले जा सका और थोड़ी ही दूरी पर छोड़कर फरार हो गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजन को सौंप दिया। पुलिस ने एसयूवी को जब्त कर लिया है और वाहन नंबर के आधार पर मालिक और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

नागौर में पंजीकृत है एसयूवी

हादसे की ज़िम्मेदार एसयूवी (RJ21CD4005) डीटीओ नागौर से पंजीकृत है। इसके मालिक का नाम महेंद्र डूडी बताया जा रहा है। एसयूवी का एक चालान भी हो रखा है।

Updated on:
31 Jul 2026 01:02 am
Published on:
31 Jul 2026 12:39 am