
जयपुर। राजस्थान पत्रिका के प्रधान संपादक गुलाब कोठारी के अग्रलेख 'हम तो डूबेंगे सनम… ने प्रदेश के राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों से लेकर देश की राजधानी नई दिल्ली तक हलचल पैदा कर दी। सबसे ज्यादा प्रतिक्रिया ब्यूरोक्रेसी से सामने आई, जहां राजनीतिक संरक्षण प्राप्त अधिकारियों, प्रशासनिक नियुक्तियों में वरिष्ठता और योग्यता की अनदेखी तथा सत्ता के साथ बदलते समीकरणों पर अधिकारियों ने अपने विचार रखे। राजनीतिक हलकों, पुलिस महकमे, हाईकोर्ट और मीडिया जगत में भी अग्रलेख के विभिन्न पहलुओं पर प्रतिक्रियाएं सामने आईं।
ब्यूरोक्रेसी : सचिवालय और योजना भवन में अग्रलेख में उल्लेखित आइपीएस और आइएएस अधिकारियों से जुड़े संदर्भ प्रमुखता से उठे। अधिकारियों के बीच यह सवाल उठा कि नियुक्तियों में वरिष्ठता और योग्यता के बजाय राजनीतिक पसंद-नापसंद को महत्व क्यों मिलता है। एक वर्ग का कहना था कि सरकारें बदलती है, लेकिन सत्ता के करीब रहने वाले अधिकारियों के समीकरण नहीं बदलते। ईमानदारी से काम करने वाले अधिकारियों को तबादलों का सामना करना पड़ता है, जबकि सत्ता के नजदीक रहने वाले महत्वपूर्ण पदों पर बने रहते हैं। कई अधिकारियों ने अग्रलेख को व्यवस्था की सच्चाई सामने रखने वाला साहसिक प्रयास बताया।
भाजपा के राजनीतिक हलकों में अग्रलेख के तीखे तेवरों ने नेताओं का ध्यान खींचा। राजस्थान से जुड़े एक वरिष्ठ भाजपा नेता ने लेख पर विस्तार से बात की और अखबार की क्लिपिंग मांगी। उनका कहना था कि दिल्ली में भी अग्रलेख को लेकर व्यापक प्रतिक्रिया है और इसे उच्च स्तर पर भेजना है। भाजपा नेताओं के बीच सवाल उठा कि सरकार, संगठन, मंत्रियों और नौकरशाही पर एक साथ इतने तल्ख सवाल क्यों उठाए गए। मंत्रियों की कार्यशैली, जनता से दूरी और सत्ता में आने के बाद बदलते व्यवहार पर भी विचार हुआ। पंचायत चुनाव के नतीजों के संदर्भ में नेताओं ने माना कि जनता की नाराजगी, कार्यकर्ताओं की अनदेखी और कमजोर फीडबैक व्यवस्था पर सरकार और संगठन को गंभीरता से विचार करना चाहिए। प्रदेश में कथित लूट और राजनीतिक संरक्षण के मुद्दे पर भी सरकार से तथ्यों के साथ स्थिति स्पष्ट करने की अपेक्षा जताई गई। कुछ नेताओं ने कहा कि अग्रलेख ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार को भी आईना दिखाया है।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय और अस्पताल रोड स्थित वॉररूम में भी अग्रलेख को लेकर नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अपनी प्रतिक्रियाएं दीं। जिला प्रमुख और प्रधान के चुनाव के लिए सिंबल वितरण के सिलसिले में प्रदेशभर से आए नेताओं के बीच लेख के विभिन्न पहलुओं पर बातचीत हुई। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि अग्रलेख ने किसी एक दल को नहीं, पूरी राजनीतिक व्यवस्था को कठघरे में खड़ा किया है। सत्ता में आने के बाद नेताओं का नौकरशाही पर निर्भर होना और कार्यकर्ताओं की उपेक्षा जैसे मुद्दों को भी उन्होंने अहम बताया। पूर्व विधायक और अशोक गहलोत के सलाहकार रहे संयम लोढ़ा ने अग्रलेख साझा करते हुए लिखा- 'हो गई है हर घाट पर पूरी व्यवस्था, शौक से डूबे जिसे भी डूबना है…।'
हाईकोर्ट परिसर में वकीलों ने भी अग्रलेख में उठाए गए मुद्दों पर अपने विचार रखे। राजनीतिक संरक्षण प्राप्त अधिकारियों और मंत्रियों के नामों के उल्लेख को विशेष रूप से महत्वपूर्ण माना गया। वकीलों का कहना था कि अधिकारियों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं होना राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। मंत्रियों की कार्यशैली, जनता से दूरी और प्रदेश में कथित लूट के मुद्दों पर भी सरकार से तथ्यों के साथ स्थिति - स्पष्ट करने की अपेक्षा जताई गई। वकीलों के एक वर्ग ने अग्रलेख को व्यवस्था के लिए जरूरी हस्तक्षेप बताया।
पुलिस महकमे में वरिष्ठ अधिकारियों ने सरकारों के कामकाज, राजनेताओं की कार्यशैली और नए पुलिस महानिदेशक की नियुक्ति पर उठाए गए सवालों को गंभीरता से लिया। संस्थागत भ्रष्टाचार पर अंकुश और पुलिस व्यवस्था की जवाबदेही को लेकर भी विचार रखे गए। अधिकारियों के एक वर्ग का मानना था कि इस तरह के अग्रलेख पत्रकारिता के मूल्यों को मजबूत करने और व्यवस्था में सुधार की जरूरत सामने लाने में मददगार होते हैं।
दिल्ली में भी राजस्थान की राजनीति, सत्ता के तौर-तरीकों और जनता की अपेक्षाओं पर केंद्रित इस अग्रलेख को लेकर सियासी गलियारों के साथ भाजपा और कांग्रेस के नेताओं के बीचा काफी चर्चा है। भाजपा के अंदरखाने राजस्थान सरकार और संगठन के कामकाज में सुधार की आवश्यकता पर जोर दिया गया। वहीं, कांग्रेस में चर्चा रही कि नतीजे तो पार्टी के माफिक है, लेकिन इस पर घमंड करने की बजाय आगे भी जनता के बीच बने रहने की आवश्यकता है। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अतुल पाटिल ने कहा कि राजस्थान की मौजूदा भाजपा सरकार और संगठन की कार्यशैली पर बिल्कुल सही सवाल उठाए गए हैं।
भाजपा के एक नेता ने नाम नहीं छापने की शर्त पर कहा कि सरकार और संगठन में बैठे नेताओं को अग्रलेख में उठाए सवालों को नजरअंदाज करने की बजाय उसा पर काम करना चाहिए। राजस्थान में लंबे समय तक पत्रकारिता कर चुके एक वरिष्ठ पत्रकार ने भी कोठारी के अग्रलेख पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कोठारी ने राजस्थान की राजनीति की पूरी तस्वीर बहुत स्पष्टवादिता के साथ खींची है। आजकल राजनीतिक दलों और सरकारों को आईना दिखाने वाले संपादकीय कम दिखाई देते हैं। उन्होंने इस तरह के अग्रलेखों को लोकतंत्र में जरूरी बताया।
मीडिया जगत में अग्रलेख को संपादकीय साहस का उदाहरण बताया गया। पत्रकारों और अन्य मीडिया संस्थानों से जुड़े लोगों का कहना था कि आज के दौर में सत्ता और व्यवस्था पर इस तरह सीधे सवाल उठाने वाला संपादकीय लेखन कम देखने को मिलता है। प्रतिस्पर्धी मीडिया संस्थानों से जुड़े कुछ लोगों ने भी माना कि गुलाब कोठारी जिस बेबाकी से व्यवस्था के सवाल उठाते हैं, वह संपादकीय स्वतंत्रता और पत्रकारिता के मूल्यों को मजबूत करता है।
सोशल मीडिया के जरिए पत्रकारों और राजनीतिक विश्लेषकों ने भी अग्रलेख पर प्रतिक्रियाएं दीं। एक पत्रकार ने लिखा, 'गुलाब कोठारी आज दिलजीत दोसांझ हो गए !' वहीं एक अन्य पत्रकार ने एक्स पर लिखा, 'आज गुलाब जी भी मैदान में हैं।' उन्होंने पिछले 28 वर्षों की राजनीति, नौकरशाही और राजनीतिक संरक्षण से जुड़े सवालों को रेखांकित किया।