
जयपुर। बांसवाड़ा शहर के पृथ्वीगंज क्षेत्र में सोमवार सुबह किसी ने सातमासी कन्या को थैली में बंद कर फेंक दिया। थैली फटने से कचरे के साथ बिखरकर पड़ी बच्ची को देखकर कयास रहा कि इसे किसी ऊंची इमारत से फेंका गया। मामले पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार सुबह करीब 11 बजे इस संबंध में इत्तला पर एससआई रघुवीरसिंह मय जाब्ता मौके पर पहुंचे। यहां राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पृथ्वीगंज के पीछे की तरफ प्लास्टिक की पीली थैली के साथ नवजात का शव (newborn corpse) मिला। एएसआई सिंह ने बताया कि खून से सना शव और नाल देखकर प्रथम दृष्ट्या लगा कि बच्ची रात में या सुबह के समय ही फेंकी गई। मौका मुआयने के बाद शव एमजी अस्पताल की मोर्चरी भेजा गया। मामले को लेकर पृथ्वीगंज तेलीवाड़ा निवासी मेहुल पुत्र रामचंद्र राठौड़ तेली ने रिपोर्ट दी। इसमें बताया कि यहां आसपास किराए पर मकान लेकर कई परिवार रह रहे हैं।
आशंका है कि उनमें से किसी की यह हरकत रही। दूसरी ओर, स्कूल के करीबी लोगों से पता चला कि यहां पीछे की तरफ एक किरायदार परिवार ताला लगा कर गायब है। इस पर पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ नवजात का शव फेंकने के आरोप में भादसं की धारा 318 के तहत केस दर्ज कर पोस्टमार्टम करवाया। विशेषज्ञों के अनुसार बच्ची सात माह की विकसित है। संभवत: पैदाइश के दौरान मौत पर उसे किसी ने फेंक दिया। पुलिस ने कार्रवाई के बाद नगर परिषद के जरिए उसे दफन कराया। प्रकरण में अब अग्रिम जांच जारी है।