जयपुर

कुदरत की अद्भुत कारीगरी : चीन की Songhua River पर खिले ‘बर्फ के फूल’

इस अद्भुत नजारे को देख नेटिजंस हैरान
2 min read
Jan 02, 2023
कुदरत की अद्भुत कारीगरी : चीन की Songhua River पर खिले 'बर्फ के फूल'
बर्फ के फूल

बीजिंग. जंगल, बगीचे या किसी नदी के किनारे आपने ढेरों किस्म के फूल देखे होंगे। लेकिन, क्या आपने बर्फ का फूल (Ice flower) देखा है? यह अनूठा फूल नजर आया है पूर्वोत्तर चीन (Northeast China) में सोंगहुआ नदी (Songhua River) पर। बीते दिनों नॉर्वे के पूर्व डिप्लोमेट एरिक सोलहेम (Former norweigian diplomat Erik Solheim) जो अक्सर ऑनलाइन रोचक चीजें साझा करते हैं, उन्होंने चीन की नदी पर बने इस 'बर्फ के फूल' की तस्वीर ट्विटर पर साझा की। प्रकृति का यह अद्भुत नजारा देखकर नेटिजंस हैरान हैं।
यह नदी के पानी को धूप में चमकते हुए दिखाता है। किरणें पारभासी बर्फ संरचनाओं पर प्रतिबिंबित होती हैं जो फूलों की तरह दिखाई देती हैं। यह नजारा व्यूअर्स को मंत्रमुग्ध कर देता है। सोलहेम ने तस्वीर के साथ कैप्शन में लिखा, 'अद्भुत! पूर्वोत्तर चीन में सोंगहुआ नदी पर बर्फ के फूल।'

जमी नदी तो उभर आया फूल
दरअसल, सर्दियों में सोंगहुआ नदी का पानी जम गया है। ऐसे में इसके ऊपरी भाग में बर्फ के टुकड़े फूल के आकार में फैल गए हैं, जो हर किसी का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं। जब सूरज चमकता है, तो नदी पर खूबसूरत बर्फीले फूल की आकृति स्पष्ट नजर आने लगती है। इस पोस्ट को करीब 39 हजार बार देखा जा चुका है और 1200 से ज्यादा लाइक्स मिल चुके हैं।

मौसम की स्थिति पर निर्भर फूल
बर्फ के फूलों का बनना मौसम की स्थिति पर निर्भर करता है। ये आमतौर पर झाड़ियों पर बनते हैं। बर्फ के फूलों के बनने के लिए सबसे अच्छा समय सर्दियों की शुरुआत होता है। जब हवा का तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस से कम हो जाता है और जमीनी सतह का तापमान इससे अधिक रहता है तो इन फूलों का निर्माण होता है।

बर्फीले बुलबुलों को देखने उमड़े थे लोग
चीन की सायरम झील (Sayram lake) में भी सैकड़ों छोटे-छोटे क्रिस्टल फ्लॉवर उभर आए हैं। इन्हें 'फ्रॉस्ट फ्लॉवर' भी कहते हैं। वर्ष 2021 में भी ऐसा ही खूबसूरत नजारा इस झील पर नजर आया था। जब बर्फ के बुलबुले झील में जम गए थे। पारदर्शी सतह के भीतर से नजर आते बर्फीले बुलबुलों को देखने के लिए यहां पर्यटकों और स्थानीय लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी थी।

Published on:
02 Jan 2023 11:58 pm