नहीं थम रहा बजरी खनन, चार डंपर जब्त
सांगानेर सदर थाने में खनिज विभाग के इंजीनयर ने कराया मामला दर्ज
जयपुर
कोर्ट की फटाकर के बाद भी प्रदेश में बजरी का अवैध खनन और परिवहन जारी है। राजधानी जयपुर में ही हालात इतने खराब हैं कि पुलिस और प्रशासन इसे पूरी तरह से रोक नहीं पा रहा है। जयपुर जिले में दो महीने में दस से भी ज्यादा थानों की पुलिस ने सत्तर से ज्यादा बजरी के ट्रकों को पकड़ा है। टोंक रोड पर तो बजरी के खनन के सबसे ज्यादा मामले सामने आए हैं। ताजा मामला सांगानेर सदर थाना क्षेत्र का है।
सांगानेर सदर थाना क्षेत्र से होकर गुजर रहे बजरी के चार डंपरों को खनिज विभाग की मदद से पुलिस ने पकड़ा है। खनिज विभाग के इंजीनियर किंशु सिंह ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई है। सिंह का कहना है कि बजरी से भरे चार वाहन लव कुश नगर कॉलोनी से होकर गुजर रहे थे। जब उनसे बजरी लाने के बारे में पूछा गया तो वे संतोषप्रद जवाब नहीं दे सके। बाद में पुलिस ने चारों वाहनों को जब्त कर लिया। इस मामले में जयकिशन, सोहनलाल, सीताराम समेत चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
लगातार सामने आ रहे हैं मामले
इससे पहले भी कानोता थाना पुलिस ने दयारामपुरा में पत्थरों से भरा ट्रेक्टर-ट्रॉली पकड़ा। हरड़ी की पहाड़ी से पत्थरों का अवैध खनन कर कानोता व जयपुर में सप्लाई किया जा रहा था। इस कार्रवाई के दौरान माइनिंग विभाग की टीम भी पुलिस के साथ थी। पुलिस ने जब्त ट्रेक्टर-ट्रॉली कानोता थाने पर खड़ा करवा दी थी। वहीं माइनिंग विभाग ने देर रात टोंक रोड पर बजरी के अवैध खनन पर कार्रवाई करते हुए बजरी से भरे दो ट्रेलर जब्त किए। बनास नदी से बजरी भरकर जयपुर में सप्लाई की जा रही थी। माइनिंग विभाग ने ठिकरिया मोड़ पर ट्रेलरों को पकड़ा था।