Rajasthan Temperature Rise: तापमान में होगी 4 डिग्री तक बढ़ोतरी, हीटवेव से सताएगा प्रदेश, 8 से 10 जून तक लू और धूलभरी हवाओं का कहर संभव।
Rajasthan Weather: जयपुर। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार राजस्थान में आगामी एक सप्ताह तक मौसम शुष्क बना रहेगा और तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि दर्ज की जा सकती है। इससे प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गर्मी और उमस में बढ़ोतरी होने की संभावना है।
विशेषकर बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र में 8 जून से 10 जून तक लू (हीटवेव) और तेज धूलभरी हवाओं के चलने की चेतावनी जारी की गई है। इन इलाकों में हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जिससे लोगों को खुले स्थानों में रहने से बचने की सलाह दी गई है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को गर्मी से बचाव के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, ढीले व हल्के रंग के कपड़े पहनने और दोपहर के समय धूप में बाहर निकलने से बचने की अपील की है।