जयपुर

बेरोजगार है तो जरूर पढ़ ले ये खबर, बच जाएंगे दोहरी मार से

रोजगार दिलाने का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले ये बदमाश तरह-तरह के पैतरें अपनाते हैं...
2 min read
• •
Updated: 28 Oct 2017, 11:30 AM IST
Unemployment

जयपुर। डिग्री हासिल करने युवाओं की चाहत अच्छी नौकरी की होती है, लेकिन बेरोजगारी के मुहाने पर खड़े युवाओं को जब रोजगार नहीं मिलता तो निराश होना लाजिमी है। बस, इसी का फायदा शातिर ठग उठा रहे हैं। युवाओं को अच्छे पद और मोटी तनख्वाह का झांसा देकर आवेदन के साथ अच्छी खासी रकम वसूलते हैं और उसके बाद गायब हो जाते हैं। कई मामलों में तो पुलिस तत्परता दिखाते हुए आरोपितों को पकड़ लेती है औ कई मामले ऐसे भी होते हैं, जिनमें पुलिस खाली हाथ ही रहती है। बीते दिनों जालूपुरा में एक ऐसा ही गिरोह का भंडाफोड़ पुलिस ने किया है। फर्जी साक्षात्कार कर रहे गिरोह के तीन सदस्यों से पुलिस पूछताछ कर रही है।

पुलिस की मानें तो शहर और आस-पास के इलाकों में इस तरह की वारदातें बीते कुछ सालों में बढ़ी हैं। पुलिस इसका सबसे बड़ा कारण बेरोजगारी मानती है। वहीं पुलिस मानती है कि युवाओं को जांच-पड़ताल के बाद ही आवेदन करना चाहिए।

नए-नए तरीके अपनाते हैं फंसाने के लिए
रोजगार दिलाने का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले ये बदमाश तरह-तरह के पैतरें अपनाते हैं। इनका शिकार पढ़-लिखे बेरोजगार होते हैं। पुलिस की मानें तो इनमें एक खास बात यह भी होती है कि ये बदमाश गिरोह के रूप में काम करते है। अपनी एक फर्म बनाते हैं। उसमें कुछ लोगों को टेलिकॉलिंग के लिए तो कुछ को साक्षात्कार लेने के लिए नौकरी पर रखा जाता है। पुलिस का कहना है कि जब भी ऐसे मामले आते हैं तो उस पर कार्रवाई की जाती है।

ठगी और कार्रवाई
पिछले वर्षों में सीआईडी की टीम ने जयपुर के कुछ युवाओं को दिल्ली मेट्रो में नौकरी लगाने का झांसा देकर रुपए ऐंठने के मामले में तीन जनों को गिरफ्तार किया था।

सिंधी कैम्प थाना पुलिस ने सरकारी विभाग में नौकरी लगवाने के नाम पर नौ लाख रुपए ठगने वाले आरोपी दम्पति मनीष सिंधी और रूपल पोरवाल को पोरवाल सदन, सरदारपुरा जोधपुर से गिरफ्तार किया था।

मोतीडूंगरी थाना पुलिस ने रेलवे में टीटी की नौकरी लगवाने का झांसा देकर ठगी करने के आरोप में भीलवाड़ा निवासी हरकेश उर्फ कमल उर्फ रामजीलाल को गिरफ्तार किया था। इस मामले में भी पीडि़त परिचित के माध्यम से आरोपित से मिला था और उसने उसे रेलवे में टीटी के पद पर नौकरी लगवाने का झांसा देकर 75 हजार रुपए हड़प लिए थे।

करधनी थाना पुलिस ने भी रेलवे में नौकरी लगाने का झांसा देकर ठगी करने के आरोप में गणेश नगर करधनी निवासी नरेन्द्र तिवारी को गिरफ्तार किया था।

ऐसे करते ठगी
सरकारी नौकरी लगाने का झांसा
रेलवे में टीईटी के पद पर
शिक्षक के पद पर
सेना में भर्ती के नाम पर
विदेश में मोटी तनख्वाह का झांसा
एग्रीक्लचर विभाग में
मेट्रो में नौकरी लगाने का झांसा
वन विभाग में

Published on: