
बांसवाड़ा के देवलिया शक्तावत गांव में अपने ही बैल का शिकार बन गया वृद्ध
जयपुर
बूंदी के बाद अब बांसवाड़ा में मवेशी जानलेवा साबित हुए हैं। बांसवाड़ा में खमेरा थाना क्षेत्र के देवलिया शक्तावत गांव में मंगलवार सुबह अपने ही बैल के हमले एक वृद्ध बुरी तरह घायल हो गया। बैल का सींग वृद्ध के पेट में लगा, जिससे उसकी आंतें बाहर आ गईं। गंभीर हालत में उसे घाटोल से बांसवाड़ा लाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
सींग पेट में जा गुसा, आंतें बाहर आ गई
दरअसल, प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार 62 वर्षीय नाथू पुत्र कमला बरोड़ सुबह करीब सात बजे बाड़े में साफ-सफाई से पहले बैलों को चरने के लिए खोल रहा था। वह खूंटे पर झुका हुआ ही था, कि एक बैल ने उसके पेट में दायीं तरफ सींग मार दिया। सींग नाथू के पेट में जा गुसा, जिससे उसकी आंतें बाहर आ गई। उसकी चीख सुनकर पास ही काम कर रही पत्नी और पड़ोस के लोग दौड़े और उसे घाटोल के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वृद्ध की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद सीएचसी के चिकित्सक ने उसे रैफर कर दिया। बाद में उसे बांसवाड़ा एमजी अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने ऑपरेशन किया। वरिष्ठ सर्जन डॉ. वंदना अग्रवाल ने बताया कि वृद्ध की आंतें बाहर आ गई थीं, लेकिन भीतर ज्यादा डैमेज नहीं हुआ। पांच टांके लिए हैं। अब मरीज की हालत में सुधार पर वार्ड में शिफ्ट कराया है।
बूंदी सांड ने ले ली थी दो की जान
इससे पहले बूंदी के तालेड़ा थाना इलाके में बाइक सवार दो युवकों के सामने अचानक सांड आ गया था। बाइक चला रहे युवक ने ब्रेक भी लगाए गए थे, लेकिन बाइक सांड से जा टकराई थी। इसके बाद तो सांड ने गुस्से में ऐसी टक्कर मारी थी कि दोनों युवक बाइक समेत ही कई फीट दूर जाकर गिरे थे। अस्पताल में इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई थी।
जयपुर में हो गई थी विदेशी की मौत
पिछले साल जयपुर में विदेशी युवक की सांड की टक्कर से मौत हो गई थी। दुनियाभर में गुलाबी नगर की फजीहत के बाद राज्य सरकार एक्शन में आई थी। कोर्ट ने भी प्रशासनिक अफसरों को जमकर लताड़ा और समय-समय पर कोर्ट में भी बुलाया।