जयपुर

‘सचिन पायलट को राजस्थान का CM बनाया जाएगा तो जनता इसे बर्दाश्त नहीं करेगी’

चिकित्सा मंत्री परसादीलाल मीणा ने पत्रकारों से बातचीत में पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट पर निशाना साधा है।

less than 1 minute read
Sep 28, 2022

दौसा. चिकित्सा मंत्री परसादीलाल मीणा ने पत्रकारों से बातचीत में पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि सचिन पायलट डिप्टी सीएम और पीसीसी के अध्यक्ष थे, तब सोनिया गांधी व पूरी कांग्रेस उन पर भरोसा था, लेकिन किसी को आभास नहीं था कि वे अचानक विधायकों को लेकर बीजेपी और अमित शाह की गोद में जा बैठ जाएंगे और शाह उनकी विधानसभा की सदस्यता बचाने के लिए कोर्ट में पैरवी भी करवाएंगे।

ऐसा किसी को भरोसा नहीं था। ऐसे व्यक्ति को यदि प्रदेश का सीएम बनाया जाएगा तो जनता इसे बर्दाश्त नहीं करेगी। देश में भी अच्छा संदेश नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक में सरकार गिरा दी और राजस्थान व झारखंड में भी साजिश रची गई थी। उस दौरान सरकार को संकट में डालने वाले विधायकों में से सीएम बनाना न्याय संगत नहीं है।

राजस्थान में सियासी गहमागहमी के बीच पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट मंगलवार को दोपहर बाद हवाई जहाज से दिल्ली पहुंचे। जयपुर हवाईअड्डे पर मीडियाकर्मियों का जमावड़ा था, लेकिन उन्होंने मीडिया के सवालों को टालते हुए किसी विवाद से बचने का प्रयास किया। माना जा रहा है कि सचिन पायलट दिल्ली में पार्टी के आला नेताओं से मुलाकात कर सकते हैं। हालांकि पत्रिका से बातचीत में उन्होंने कहा कि फिलहाल दिल्ली में उनका किसी से मिलने का कार्यक्रम नहीं है।

Published on:
28 Sept 2022 11:22 am
Also Read
View All