जयपुर

अधूरी नाली सफाई से सर्विस रोड बनी मुसीबत

Jul 31, 2026
Rajasthan

कानोता. जयपुर - आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित कानोता नगर पालिका क्षेत्र में नालियों की अधूरी सफाई का खामियाजा आमजन को भुगतना पड़ रहा है। बारिश के बाद खादी भंडार से लेकर कानोता थाने तक सर्विस रोड पर जलभराव की स्थिति बन गई है। नालियां जाम होने से गंदा पानी सड़क पर फैल रहा है, जिससे राहगीरों, वाहन चालकों और दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि राजाधोक टोल कंपनी की ओर से कुछ दिन पहले नालियों की सफाई का कार्य शुरू किया गया था, लेकिन सफाई बीच में ही छोड़ दी गई। कई स्थानों पर नालियों के ऊपर लगे फेरो कवर हटा कर छोड़ दिए गए, जबकि नालियों से कचरा भी पूरी तरह नहीं निकाला गया। बारिश के दौरान नालियां उफान पर आ गईं और उनमें भरा कचरा सड़क पर फैल गया।
बारिश का पानी निकासी नहीं होने से सर्विस रोड पर कई स्थानों पर पानी जमा है। सड़क किनारे स्थित दुकानों के सामने भी गंदा पानी भर गया है, इससे ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित हो रही है और व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। वहीं पैदल राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को भी आवागमन में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। गंदे पानी के लंबे समय तक जमा रहने से क्षेत्र में मच्छरों और मक्खियों का प्रकोप बढ़ गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही नालियों की सफाई पूरी नहीं कराई गई और जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त नहीं हुई तो डेंगू, मलेरिया और अन्य मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।

Updated on:
31 Jul 2026 06:01 am
Published on:
31 Jul 2026 06:01 am