जयपुर

Hottest Cities in India: तपिश का कहर, देश के टॉप-10 सबसे गर्म शहरों में राजस्थान के ये दो शहर भी शामिल

india temperature 2026: 46 डिग्री के पार पारा: राजस्थान के रेगिस्तानी शहरों में हीटवेव का प्रकोप। लू की चपेट में उत्तर भारत: बाड़मेर-जैसलमेर समेत कई शहरों में रिकॉर्ड तापमान।

2 min read
Apr 27, 2026

Heatwave India: जयपुर. देश में भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है और कई राज्यों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। India Meteorological Department के ताजा आंकड़ों के अनुसार 26 अप्रेल 2026 को देश के सबसे गर्म शहरों में राजस्थान के बाड़मेर और जैसलमेर भी टॉप-5 में शामिल रहे, जहां लू जैसे हालात बने रहे।

सूची में सबसे अधिक तापमान महाराष्ट्र के अकोला में 46.9°C दर्ज किया गया, जबकि अमरावती (46.8°C) और उत्तर प्रदेश का बांदा (46.6°C) क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। चौथे स्थान पर विदर्भ का वर्धा (46.4°C) रहा, जबकि पांचवें स्थान पर राजस्थान का बाड़मेर (46.4°C) दर्ज किया गया। इसके अलावा जैसलमेर में भी तापमान 46.0°C पहुंच गया, जिससे यह भी देश के सबसे गर्म शहरों में शामिल हो गया।

ये भी पढ़ें

School Timing Change: भीषण गर्मी का असर, 27 अप्रेल से बदला राजस्थान के 10 जिलों में स्कूलों का समय, आदेश जारी

मौसम विभाग के अनुसार विदर्भ क्षेत्र में कई स्थानों पर हीटवेव की स्थिति बनी रही, वहीं राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में भी लू का असर देखा गया। कोटा, चित्तौड़गढ़ और कांडला जैसे शहरों में भी तापमान 45 डिग्री के आसपास बना रहा, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि हो सकती है, इसलिए लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचना चाहिए। प्रशासन ने भी लोगों से सतर्क रहने, अधिक पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की है। लगातार बढ़ती गर्मी ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है।

राज्य के कुछ हिस्सों में अगले 24 से 48 घंटों तक हीटवेव का असर जारी

राजस्थान में भीषण गर्मी का असर लगातार बना हुआ है और प्रदेश के कई हिस्सों में हीटवेव की स्थिति देखने को मिल रही है। India Meteorological Department के जयपुर केंद्र के ताजा अपडेट के अनुसार, 26 अप्रैल को राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 42 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। वहीं बाड़मेर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां पारा 46.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि राज्य के कुछ हिस्सों में अगले 24 से 48 घंटों तक हीटवेव का असर जारी रह सकता है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है, खासकर दोपहर के समय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

हालांकि राहत की खबर भी है। एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने और बंगाल की खाड़ी से आने वाली पूर्वी हवाओं के प्रभाव से आगामी 3 से 4 दिनों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इस दौरान दोपहर बाद मेघगर्जन के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, इन गतिविधियों के चलते आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज हो सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

Updated on:
27 Apr 2026 11:55 am
Published on:
27 Apr 2026 11:46 am
Also Read
View All