जयपुर

जयपुर से दिल्ली जाने वालों के लिए बड़ी खुशखबरी, NH-48 पर जल्द ही फर्राटे से दौड़ेंगे वाहन, सिर्फ इतने घंटे में पूरा होगा सफर

National Highway: जयपुर से दिल्ली जाने वालों के लिए बड़ी राहत की खबर है। एनएचएआई ने 31 मार्च तक नेशनल हाईवे 48 पर निर्माणाधीन छह फ्लाईओवर और ब्रिज का काम पूरा करने का लक्ष्य रखा है।
2 min read
Feb 17, 2026
Jaipur–Delhi National Highway
Photo:AI Generated

जयपुर। नेशनल हाईवे 48 के रास्ते जयपुर से दिल्ली जाने वालों के लिए बड़ी राहत की खबर है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने 31 मार्च तक निर्माणाधीन छह फ्लाईओवर और ब्रिज का काम पूरा करने का लक्ष्य रखा है। इनके शुरू होने के बाद दिल्ली से जयपुर का सफर 4.5 से 5 घंटे में पूरा हो जाएगा। अभी जयपुर-बांदीकुई एक्सप्रेसवे से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के जरिए दिल्ली पहुंचने में लगभग इतना ही समय लगता है।

एनएचएआई (NHAI) के जयपुर प्रोजेक्ट डायरेक्टर अजय कुमार आर्य के मुताबिक नेशनल हाईवे 48 के गुड़गांव-कोटपुतली-जयपुर सेक्शन पर ट्रैफिक को आसान बनाने और ब्लैक स्पॉट को खत्म करने के लिए कुल 9 अंडरपास और फ्लाईओवर बनाए जा रहे है। इनमें से कोटपुतली, बहरोड़ और दहमी पर फ्लाईओवर पूरे हो चुके हैं। वहीं, खातोलाई में बना नया पुल भी ट्रैफिक के लिए खोल दिया गया है।

इन 6 जगह 31 मार्च तक पूरा होगा काम

उन्होंने कहा कि अभी बावल-शाहपुरा में दो फ्लाईओवर और सोतानाला, नीलका व नीझर में 3 पुल का काम चल रहा है। इन सभी जगह 31 मार्च तक काम पूरा हो जाएगा। इसके बाद अप्रैल महीने जयपुर से दिल्ली का सफर और आसान हो जाएगा। साथ ही जयपुर और दिल्ली के बीच यात्रा का समय घटकर 4.5 से 5 घंटे रह जाएगा।

एक्सप्रेस-वे के बराबर हो जाएगा सफर का समय

अभी दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे और जयपुर-बांदीकुई लिंक-वे से दिल्ली-जयपुर का सफर करीब 3.5 से 4 घंटे में पूरा होता है, लेकिन दिल्ली में राव तुलाराम मार्ग तक पहुंचने में पीक ऑवर्स में करीब एक घंटे का अतिरिक्त समय लगता है। नेशनल हाईवे 48 भी इसी जंक्शन से जुड़ता है, इसलिए नए फ्लाईओवर और ब्रिज बनने से इस रूट पर भी सफर का समय काफी कम हो जाएगा।

यात्रियों को मिलेगा बड़ा फायदा

यह प्रोजेक्ट रोजाना हजारों यात्रियों और व्यावसायिक वाहनों के लिए बड़ी राहत साबित होगा। जयपुर-दिल्ली नेशनल हाईवे 48 पर सभी 9 जगह काम पूरा होने के बाद वाहन चालकों को ट्रैफिक जाम से काफी राहत मिलेगी। नेशनल हाईवे पर फर्राटे से वाहन दौड़ेंगे। दिल्ली और जयपुर के बीच यात्रा का समय घटकर 4.5 से 5 घंटे रह जाएगा। साथ ही दुर्घटनाओं में कमी आएगी।

Updated on:
17 Feb 2026 10:02 am
Published on:
17 Feb 2026 10:02 am