जयपुर

नेपाल में बैठी महिला जयपुर में चला रही थी ड्रग्स तस्करी का नेटवर्क, 10 लाख की खेप के साथ आरोपी गिरफ्तार

Jaipur Drug Bust: राजधानी जयपुर में चरस तस्करी के एक अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन का खुलासा हुआ है।
2 min read
Feb 12, 2026
arrest
आरोपी गिरफ्तार। प्रतीकात्मक तस्वीर

International Drugs Network: जयपुर। राजधानी जयपुर में चरस तस्करी के एक अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन का खुलासा हुआ है। आमेर थाना क्षेत्र में 1 किलो 344 ग्राम चरस के साथ पकड़े गए नेपाली नागरिक ने पूछताछ में नेपाल की एक महिला तस्कर का नाम उजागर किया है, जो जयपुर में चरस की सप्लाई करवा रही थी। बरामद मादक पदार्थ की बाजार कीमत करीब 10 लाख रुपए आंकी गई है।

आरोपी को प्राचीन चामुण्डा माता मंदिर के पास, चिमनपुरा-दिल्ली हाईवे रोड से गिरफ्तार किया गया। उसकी पहचान मूलतः नेपाल के राड़सी तथा वर्तमान में कुल्लू (हिमाचल प्रदेश) निवासी पहल सिंह (43) के रूप में हुई है।

आने-जाने का खर्चा अलग से देती

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि तीन वर्ष पूर्व कुल्लू की सब्जी मंडी में पहल सिंह की मुलाकात भावना नामक महिला से हुई थी, जो वहां सब्जी बेचती थी। छह माह काम करने के बाद वह नेपाल लौट गया और बेरोजगार हो गया। चार माह पहले उक्त महिला ने उससे संपर्क कर जयपुर में एक पैकेट पहुंचाने के बदले 20 हजार रुपए और आने-जाने का खर्च देने का प्रस्ताव दिया। आर्थिक तंगी के कारण उसने प्रस्ताव स्वीकार कर लिया।

आरोपी नेपाल से बस में सवार होकर दिल्ली के रास्ते जयपुर आया

महिला ने उसे चरस से भरा पैकेट सौंपा, जिसे वह जयपुर पहुंचाकर लौट गया। महिला ने 8 फरवरी को दोबारा संपर्क कर एक और खेप जयपुर पहुंचाने को कहा। आरोपी नेपाल से बस के जरिये दिल्ली आया और वहां से जयपुर की बस में सवार हुआ। आमेर के कुंडा क्षेत्र में सप्लाई देनी थी, लेकिन बस से उतरने के बाद संपर्क करने से पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया।

तस्करों की गिरफ्तारी के लिए नेपाल जाएगी पुलिस

नेपाल से भी जयपुर में मादक पदार्थ तस्करी का नेटवर्क संचालित किया जा रहा है। तस्करों के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए नेपाल टीम भेजी जाएगी।
-राहुल प्रकाश, स्पेशल पुलिस कमिश्नर, जयपुर

Updated on:
12 Feb 2026 07:33 am
Published on:
12 Feb 2026 07:33 am