जयपुर

जेल में बंद रिटायर्ड चीफ इंजीनियर की पत्नी की 8वीं मंजिल से गिरकर मौत

Mar 02, 2026
Feature image

जयपुर।
जयपुर के जगतपुरा इलाके में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में जेल में बंद रिटायर्ड चीफ इंजीनियर दिलीप गौड़ की पत्नी की आठवीं मंजिल से गिरने से मौत हो गई। घटना से अपार्टमेंट में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची खोह नागोरियान थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार घटना सोमवार सुबह करीब 7.15 बजे जगतपुरा स्थित वृंदा गार्डन अपार्टमेंट की है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक महिला अपने फ्लैट की बालकनी में किसी काम से गई थीं, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गईं। जोरदार धमाके की आवाज सुनकर अपार्टमेंट के लोग मौके पर पहुंचे तो महिला फर्श पर लहूलुहान हालत में पड़ी थीं। स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें निजी वाहन से जयपुरिया अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को मोर्चरी भिजवाया। बताया जा रहा है कि जल जीवन मिशन घोटाले में पति के जेल जाने के बाद से वह मानसिक तनाव में थीं। हालांकि पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया हादसे का कारण चक्कर आना प्रतीत हो रहा है। फिलहाल पोस्टमॉर्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Updated on:
02 Mar 2026 09:15 pm
Published on:
02 Mar 2026 09:15 pm