30 अक्टूबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

राजस्थान में अर्नब तूफान का असर जारी: आज भी बरसेंगे मेघ, 15 जिलों में ऑरेंज अलर्ट; जयपुर में आधा इंच से ज्यादा बारिश

अर्नब तूफान के असर से राजस्थान के जयपुर समेत 11 शहरों में भारी बारिश और आंधी चली। तापमान में 5-8 डिग्री की गिरावट से ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग ने 15 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
4 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

जयपुर

•

image

Arvind Rao

•

Updated: 30 Oct 2026, 8:24 AM IST

rajasthan weather update

जवाहर सर्कल पर पत्रिका गेट के सामने बारिश का नजारा, बारिश के बीच गुजरते वाहन चालक (फोटो: दिनेश डाबी)

Rajasthan Weather Update: जयपुर: बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान 'अर्नब' के असर से प्रदेश के पूर्वी जिलों में गुरुवार सुबह से आंधी और बारिश का दौर शुरू हुआ, जो देर रात तक जारी रहा। इस दौरान 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। मौसम विभाग के अनुसार, जयपुर, दौसा, अलवर, भरतपुर, धौलपुर, करौली, कोटपूतली, टोंक, सवाई माधोपुर, सीकर और अजमेर में बारिश से मौसम में ठंडक घुल गई। इसके साथ ही दिन के तापमान में 5-8 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। उधर, जयपुर में दोपहर बाद बारिश हुई और कई इलाकों में देर रात तक करीब 20 मिमी बारिश दर्ज की गई।

मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, शुक्रवार और शनिवार को भी पूर्वी राजस्थान सहित कई जिलों में बारिश और बूंदाबांदी के आसार हैं। विभाग ने शुक्रवार को 15 जिलों में ऑरेंज और 20 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। अगले सप्ताह भी बारिश की संभावना है। इस दौरान तापमान में 1-2 डिग्री की गिरावट दर्ज हो सकती है।

इससे पहले दो तूफानों का राजस्थान पर असर-ताउते (मई 2021)

इसके प्रभाव से उदयपुर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा और कोटा सहित कई जिलों में भारी बारिश हुई थी। 19 मई को इसका अवशेष उदयपुर के दक्षिण-पश्चिम में राजस्थान के ऊपर अवदाब के रूप में मौजूद था।

बिपरजॉय (जून 2023)

16 से 20 जून के दौरान प्रदेश में अत्यधिक भारी बारिश दर्ज की गई थी। 96 घंटे में राजस्थान में औसतन 86.6 मिलीमीटर बारिश हुई, जो मौसमी सामान्य बारिश का करीब 20 प्रतिशत थी।

अरब सागर के तूफान राजस्थान तक ऐसे पहुंचते

मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार, अरब सागर में उठने वाले कुछ चक्रवाती तूफान गुजरात तट की ओर बढ़ते हैं और कमजोर होकर राजस्थान में प्रवेश कर सकते हैं। वहीं, बंगाल की खाड़ी के तूफानों के कमजोर अवशेष मध्य भारत से आगे बढ़ते हुए राजस्थान के मौसम को प्रभावित कर सकते हैं। अर्नब के मामले में भी राजस्थान में सीधा असर नहीं हुआ, लेकिन नमी और दूसरे मौसमी तंत्रों के मेल से बारिश और तेज हवाएं चलीं।

फसल को फायदा

बारिश से रबी की फसल को फायदा हुआ है। अभी सरसों की बुवाई का दौर चल रहा है। इससे किसानों को सिंचाई नहीं करनी पड़ेगी। आगामी गेहूं और चने की फसल के लिए भी भूमि में नमी बढ़ने से लाभ होगा।

अब सर्दी पकड़ेगी जोर

अगले सप्ताह दीपावली का त्योहार है। बारिश के कारण दिन और रात के तापमान में गिरावट शुरू हो गई है। ऐसे में लोगों को दिवाली से पहले गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ सकता है।

अक्टूबर में ठंडक की दस्तक…गर्मी बोली- फिर मिलेंगे

चक्रवाती तूफान अर्नब के आंशिक असर से गुरुवार को जयपुर में मौसम का मिजाज बदल गया। दोपहर 12 बजे से शुरू हुआ बूंदाबांदी का दौर रुक-रुककर रात तक जारी रहा। तेज हवाओं के चलते मौसम में ठंडक बढ़ गई। हवा की रफ्तार करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई। बारिश और हवाओं के असर से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। शाम सात बजे तक तापमान 27.4 डिग्री से गिरकर 23.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।

कहीं बूंदाबांदी तो कहीं तेज बारिश

शहर के जेएलएन मार्ग, टोंक रोड, सोडाला, प्रताप नगर, सांगानेर, सी-स्कीम, अजमेर रोड, वैशाली नगर और मानसरोवर सहित कई इलाकों में बूंदाबांदी और बारिश हुई। कुछ क्षेत्रों में रुक-रुककर बारिश होती रही। तेज हवाओं के कारण दिन में भी लोगों को गर्मी से राहत मिली।

सामान्य से 5 डिग्री कम रहा अधिकतम तापमान

मौसम केंद्र के अनुसार, जयपुर में गुरुवार को अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री कम रहा। शाम सात बजे तक तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। 24 घंटे में तापमान में करीब चार डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।

आज भी बारिश की संभावना

शुक्रवार को भी जयपुर में बादल छाए रहने और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। चक्रवाती तूफान अर्नब के कमजोर होने के बावजूद नमी और अन्य मौसमी तंत्रों के प्रभाव से बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं।

'अर्नब' कमजोर…लेकिन बारिश से बढ़ेगी सर्दी

बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवाती तूफान अर्नब आगे बढ़ने के साथ ही कमजोर पड़ने लगा है। आंध्र प्रदेश और ओडिशा सहित कई राज्यों में भारी तबाही मचाने के बाद अब यह कम दबाव के क्षेत्र में बदल गया है। हालांकि, इसका असर देश के कई राज्यों में दिखाई दे रहा है। मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान में बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई है और सर्दी का असर बढ़ा है।

ओडिशा के गंजाम जिले में चार दिन से भारी बारिश हो रही है। करीब 300 गांवों में बाढ़ आ गई है। सरकार ने हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले में एक रेलवे पुल के पानी में डूबने से ट्रेनों की आवाजाही रोक दी गई है। ओडिशा और आंध्र प्रदेश के कई इलाकों में हजारों पेड़ गिर गए हैं।

एक और संकट

भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, दक्षिण अंडमान सागर और उसके आसपास के क्षेत्र में नया निम्न दबाव का क्षेत्र बन गया है। इसके 48 घंटे में चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है। यह एक-दो नवंबर तक चेन्नई के तट से टकरा सकता है।

ओडिशा-छत्तीसगढ़ में 30-31 को भारी बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने कहा है कि अर्नब और अन्य मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से देश के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है। ओडिशा और छत्तीसगढ़ में 30 और 31 अक्टूबर को भारी बारिश हो सकती है। बिहार, उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में भी बारिश होने के आसार हैं। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, बिहार और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में बारिश का दौर जारी है।