
जयपुर। राजस्थान पत्रिका की ओर से आयोजित जयपुर 6AM एक्सपीरिंयस योर सिटी अभियान के तहत रविवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर तीन जगह कार्यक्रम आयोजित किए गए। हल्की बारिश और सुहावने मौसम के बीच रविवार सुबह चौगान स्टेडियम में शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक योग, एरोबिक्स और प्राणायाम किया। बारिश की फुहारें भी प्रतिभागियों के जोश को कम नहीं कर सकीं। कई लोग भीगते हुए ही योग करते रहे और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।
सुबह से ही स्टेडियम में लोगों का जुटना शुरू हो गया था। संगीत की लय और ताल के साथ किए गए व्यायाम ने कार्यक्रम को और भी आकर्षक बना दिया। प्रज्ञा योग के शिक्षक मधु व अजय बटवाडा ने सूक्ष्म प्राणायाम की क्रियाओं के साथ योग की शुरुआत करवाई।
संगीत की धुन पर डांस और जुम्बा जैसे स्टेप्स के साथ एरोबिक्स करवाया। हल्के संगीत और बारिश की फुहारों के बीच ताड़ासन, मयूरासन, वीरभद्रासन, पादहस्तासन, त्रिकोणासन जैसे योग की कई क्रियाएं करवाई। वहीं मित्राय फाउंडेशन की रश्मी शर्मा व डॉ. विनीत शर्मा ने सूर्य नमस्कार, अनुलोम-विलोम, कपालभाति और भ्रामरी जैसे प्राणायाम तथा ध्यान का अभ्यास भी कराया।
इस दौरान जिला खेल अधिकारी मानसिंह के नेतृत्व में युवा खिलाड़ियों ने योग के विभिन्न आसनों की बारीकी को करीब से जाना। प्रशिक्षक लक्ष्मीकांत शर्मा ने उत्साह बढ़ाया।
वर्क राजस्थान चेप्टर की टीम हेड लईक हसन, तालकटोरा व कदंब कुंड विकास समिति के मनीष सोनी, बालाजी सेवक संघ के प्रेम शर्मा, साकार महिला विकास समिति की निशा पारीक, वी यूनाइट फाउंडेशन के विजय पंडित के नेतृत्व में उनकी टीमों ने भी शिरकत की।
मानसरोवर स्थित द्रव्यवती नदी के लैंड स्कैप पार्क के ओपन थिएटर में रविवार सुबह बारिश के बीच भी योग और जुम्बा का उत्साह चरम पर रहा। शहर के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचे और स्वास्थ्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई।
जयपुर वर्किंग वूमेन के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत योग प्रशिक्षक दीपा यादव के सत्र से हुई। करीब एक घंटे तक प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। योग सत्र के दौरान लोगों को नियमित योग के महत्व और इसके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी भी दी गई।
इसके बाद शिवांगी पुरोहित के नेतृत्व में जुम्बा सत्र आयोजित हुआ। संगीत की धुनों पर प्रतिभागियों ने जमकर जुम्बा किया और फिटनेस के प्रति अपना उत्साह दिखाया। बारिश की फुहारों के बीच भी लोगों का जोश देखने लायक था।