21 जून 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सेहत और संगीत का अनोखा संगम: ‘जयपुर 6am’ कार्यक्रम में योग और जुम्बा पर जमकर थिरके शहरवासी, देखें तस्वीरें

Jaipur 6am Experience Your City: राजस्थान पत्रिका के ‘जयपुर 6am एक्सपीरियंस योर सिटी’ अभियान के तहत रविवार सुबह 6 से 8 बजे तक मानसरोवर के लैंडस्केप पार्क, चौगान स्टेडियम और शास्त्री नगर में योग, फिटनेस व जुम्बा सत्र आयोजित हुए। सामाजिक, धार्मिक और महिला संगठनों की भागीदारी के साथ शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

5 min read
Google source verification

जयपुर

image

Arvind Rao

Jun 21, 2026

Jaipur 6am Experience Your City

Jaipur 6am Experience Your City (Patrika Photo)

Jaipur 6am Experience Your City International Yoga Day: जयपुर: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर रविवार को जयपुर में सेहत, उत्साह और संगीत का खूबसूरत नजारा देखने को मिला। श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथी सभा और राजस्थान पत्रिका के संयुक्त तत्वावधान में 'पत्रिका जयपुर 6am Experience Your City' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सुबह 6 बजे से लेकर 8 बजे तक चले इस कार्यक्रम में जयपुर के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बच्चे, युवा, बुजुर्ग और महिलाएं सभी सुबह-सुबह अपने घरों से निकलकर इस सेहत उत्सव का हिस्सा बनने पहुंचे।

कार्यक्रम की शुरुआत व्यवस्थित तरीके से हुई। कार्यक्रम के लिए तैयार किए गए हॉल में भारी संख्या में लोग योगासन की मुद्राओं में नजर आए। लोग एक साथ मिलकर ओम की ध्वनि का उच्चारण किए और ध्यान लगाए।

मंच से योग गुरु और मुख्य वक्ता लोगों को शरीर के चक्रों के बारे में समझाए। उन्होंने लोगों को आज्ञा चक्र और सहस्रार चक्र जैसी गहरी बातों को बहुत ही सरल शब्दों में समझाया।

योग सत्र में सभी लोगों ने अपने दोनों हाथ ऊपर उठाकर पूरे मन से योग की क्रियाएं कीं। इसके बाद जब सामूहिक ध्यान लगाया गया, तो पूरा हॉल शांति और सकारात्मक ऊर्जा से भर गया।

शहर के पार्कों में भी 'जयपुर 6am' की धूम रही। सुबह के सुहावने मौसम के बीच लोग पार्कों के एम्फीथिएटर में जमा हुए। वहां मौजूद ट्रेनर के साथ लोगों ने न सिर्फ स्ट्रेचिंग और एक्सरसाइज की, बल्कि संगीत की धुनों पर जुम्बा और डांस भी किया।

'राम राम सा' जैसे स्थानीय और लोकप्रिय गीतों की धुन पर बच्चे-बुजुर्ग, सभी तालियां बजाते हुए और थिरकते हुए अपनी सेहत को सुधारने में जुटे रहे। पार्क के मैदान पर महिलाओं और युवाओं के समूहों ने मिलकर योग की अलग-अलग आकृतियां भी बनाईं, जो बहुत ही आकर्षक लग रही थी।

इस आयोजन की सबसे अच्छी बात यह रही कि यहां लोगों के मनोरंजन और योग के साथ-साथ उनकी सेहत की जांच का भी पूरा ख्याल रखा गया। मौके पर डॉक्टरों और मेडिकल स्टॉफ की विशेष टीम तैनात रही।

कार्यक्रम में हिस्सा लेने आई महिलाओं के लिए मुफ्त स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया। स्वास्थ्य कर्मी पूरी लगन के साथ आने वाले लोगों का ब्लड प्रेशर (बीपी) और शुगर चेक किए।

'हर संडे हो ऐसा आयोजन'

कार्यक्रम के समापन पर लोगों ने राजस्थान पत्रिका और तेरापंथी सभा के इस प्रयास की जमकर तारीफ की। वहां आए प्रतिभागियों का कहना था कि भागदौड़ भरी जिंदगी में इस तरह के आयोजन हमें अपनी सेहत के लिए समय निकालने की प्रेरणा देते हैं। योग, जुम्बा डांस और फ्री मेडिकल चेकअप जैसी सुविधाओं ने इस रविवार की सुबह को पूरे जयपुर के लिए बेहद यादगार बना दिया।

शहर में यहां-यहां आयोजित हुआ कार्यक्रम

श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथी सभा और राजस्थान पत्रिका के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 'पत्रिका जयपुर 6am' कार्यक्रम के तहत शहर के कई प्रमुख केंद्रों और पार्कों में सुबह 6 से 8 बजे तक विशेष योग व फिटनेस सत्र आयोजित किए गए।

चौगान स्टेडियम (गणगौरी बाजार): लय और ताल के साथ हुआ संगीतमय योग

गणगौरी बाजार स्थित ऐतिहासिक चौगान स्टेडियम में सुबह बेहद अनूठा और संगीतमय योग का नजारा देखने को मिला। जहां बड़ी संख्या में शहरवासी लय और ताल के साथ एरोबिक्स, योग और प्राणायाम करने पहुंचे।

प्रज्ञा योग के शिक्षक मधु अजय बटवाडा ने सूक्ष्म प्राणायाम की क्रियाओं के साथ इस सत्र की शुरुआत की। संगीत की धुन पर डांस और जुम्बा जैसे मजेदार स्टेप्स के साथ लोगों को एरोबिक्स करवाया गया, जिससे हर कोई ऊर्जा से भर उठा।

इसके बाद हल्के और शांत संगीत के बीच प्रतिभागियों ने ताड़ासन, वीरभद्रासन, मयूरासन, पादहस्तासन और त्रिकोणासन जैसी योग मुद्राओं का अभ्यास किया। इसके साथ ही प्राणायाम की विभिन्न क्रियाएं भी दोहराई गईं।

मित्राय फाउंडेशन की रश्मि शर्मा और डॉ. विनीत शर्मा ने भी मंच से लोगों को योग की बारीकियां सिखाईं। इस पूरे आयोजन में प्रज्ञा योग संस्था, मित्राय फाउंडेशन, वर्क फाउंडेशन, साकार महिला विकास समिति और बालाजी सेवक संघ ने सक्रिय भागीदारी निभाई। वहीं, तालकटोरा और कदंब कुंड विकास समिति के मनीष सोनी तथा वी यूनाइट फाउंडेशन के विजय पंडित के नेतृत्व में उनकी पूरी टीम ने इस कार्यक्रम में शिरकत की।

लैंडस्केप पार्क (मानसरोवर): योग दिवस पर बना 'हेल्थ हब'

मानसरोवर का लैंडस्केप पार्क आज सुबह स्वास्थ्य, सकारात्मक ऊर्जा और सामाजिक सहभागिता का एक अनोखा केंद्र (हेल्थ हब) बन गया। कार्यक्रम की संयोजक और जयपुर वर्किंग वीमन्स ग्रुप की दीपा यादव ने बताया कि यहां योग केवल शारीरिक आसनों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसने स्वस्थ जीवनशैली को एक उत्सव की तरह जीने का संदेश दिया।

पार्क में पारंपरिक योग के साथ-साथ स्पिरिचुअल जुम्बा, हेल्थ क्विज और कई मजेदार फिटनेस गतिविधियां आयोजित की गईं। इसके अलावा, प्रकृति संरक्षण, बेहतर दिनचर्या और एक्टिव लाइफस्टाइल को बढ़ावा देने के लिए विशेष जागरूकता सत्र भी रखे गए।

शास्त्री नगर: योग के साथ 'फ्री हेल्थ चैकअप' की अनूठी पहल

शास्त्री नगर स्थित श्री जैन श्वेतांबर शिक्षा समिति परिसर में सेहत और समाज सेवा का एक बहुत ही शानदार तालमेल देखने को मिला। यहां योग सत्र के साथ-साथ एक विशेष मुफ्त स्वास्थ्य जांच शिविर (हेल्थ चैकअप कैंप) भी आयोजित किया गया।

इस केंद्र पर योग प्रशिक्षक संजय माहेश्वरी ने उपस्थित प्रतिभागियों को रोजमर्रा की जिंदगी में स्वस्थ रहने के लिए उपयोगी और बेहद सरल योगाभ्यास करवाए। पूरा परिसर ओम की ध्वनि और ध्यान की सकारात्मक ऊर्जा से सराबोर नजर आया। इस सफल आयोजन में तेरापंथ युवक परिषद, महिला मंडल, प्रोफेशनल फोरम, अणुव्रत समिति सहित कई सामाजिक संस्थाओं ने अपना पूरा सहयोग दिया।