जयपुर

जयपुर के स्पा सेंटरों और होटलों में मिली 75 विदेशी युवतियां डिपोर्ट, इन्हें लाने वाले एजेंट बेनकाब क्यों नहीं?

जयपुर शहर में अवैध रूप से रह रही विदेशी युवतियों के खिलाफ पुलिस और संबंधित एजेंसियों की कार्रवाई जारी है। इस साल जयपुर कमिश्नरेट क्षेत्र से अब तक 75 विदेशी युवतियों को डिपोर्ट (स्वदेश वापस भेजना) किया जा चुका है।
2 min read
• •
Updated: 25 Nov 2026, 8:36 AM IST
Jaipur Police Action
जयपुर के स्पा सेंटरों और होटलों में पकड़ी गई विदेशी युवतियां। पत्रिका फाइल फोटो

जयपुर। जयपुर शहर में अवैध रूप से रह रही विदेशी युवतियों के खिलाफ पुलिस और संबंधित एजेंसियों की कार्रवाई जारी है। इस साल जयपुर कमिश्नरेट क्षेत्र से अब तक 75 विदेशी युवतियों को डिपोर्ट (स्वदेश वापस भेजना) किया जा चुका है। इनमें से कई युवतियां स्पा, मसाज सेंटर और होटलों में काम करती मिलीं, जिनमें कई के वीजा की अवधि समाप्त हो चुकी थी।

हालांकि, इन कार्रवाइयों के बीच सबसे बड़ा सवाल यह है कि इन युवतियों को जयपुर तक पहुंचाने वाला पूरा नेटवर्क आखिर कहां है? पुलिस की कार्यप्रणाली पर इसलिए भी प्रश्नचिह्न लग रहा है क्योंकि अब तक स्थानीय एजेंटों, दलालों और बिचौलियों की कोई बड़ी गिरफ्तारी सामने नहीं आई है… जो इन्हें भारत लाने, ठहराने और अवैध रूप से काम दिलाने में मुख्य भूमिका निभाते हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि पूछताछ में एजेंटों और संदिग्ध नेटवर्क के बारे में सुराग मिलने की बात खुद जांच एजेंसियां स्वीकार कर चुकी हैं, इसके बावजूद कार्रवाई केवल युवतियों को डिपोर्ट करने तक ही सीमित दिख रही है।

थाईलैंड से सबसे ज्यादा

इस वर्ष थाईलैंड की युवतियां सबसे अधिक संख्या में पकड़ी गई हैं। इसके अलावा युगांडा, तंजानिया, उज्बेकिस्तान और केन्या की युवतियां भी शहर के विभिन्न होटलों और स्पा सेंटरों से पकड़ी गई हैं।

नेपाल का रास्ता, फर्जी मुहर और दूसरे देश का पासपोर्ट

जांच में सामने आया है कि थाईलैंड की कई युवतियां फर्जी आव्रजन (इमिग्रेशन) मुहर के जरिये नेपाल के रास्ते भारत में दाखिल हुई थीं। वहीं, नाइजीरिया की एक युवती ने लाइबेरिया के पासपोर्ट पर भारत में प्रवेश किया था। सूत्रों के अनुसार, इस मामले में कुछ विदेशी संदिग्धों के तार मानव तस्करी (ह्यूमन ट्रैफिकिंग) से जुड़े होने की आशंका है, जिनकी तलाश की जा रही है।

इनका कहना है

विदेशी युवतियों को अवैध रूप से लाने और यहां ठहराने वालों की जानकारी जुटाने के लिए पुलिस का पूरा सहयोग किया जा रहा है। इसके अलावा होटल, गेस्ट हाउस, होमस्टे और स्पा संचालकों को विदेशी नागरिकों के ठहराव की सूचना निर्धारित प्रक्रिया के तहत देने और फॉर्म-सी के नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने की सख्त हिदायत दी गई है।
-धर्मेन्द्र सागर, विदेशी नागरिक पंजीकरण अधिकारी