जयपुर

पति को शक हुआ, महिला ने कर दी प्रेमी की हत्या, गिरफ्तार

पूछताछ में कहा, प्रेमी ने अश्लील वीडियो बना लिए थे और बार-बार कर रहा था पेरशान, एफएसएल और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बताया हत्या होना
2 min read
Mar 10, 2022
jaipur

जयपुर. करधनी थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने प्रेमी की गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए पुलिस को गुमराह किया और बोली कि गले में फंदा लगाकर खिड़की से लटककर आत्महत्या कर ली। उसने तो फंदे से लटका देख नीचे उतार दिया था। लेकिन एफएसएल और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक की हत्या करने का खुलासा होने पर पर पुलिस ने अनुसंधान के बाद गुरुवार को आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया।
डीसीपी ऋचा तोमर ने बताया कि मूलत: गोविंदगढ़ के ढोडसर हाल बैनाड़ रोड स्थित फकीरा नगर निवासी सुभाष कुमावत की मुंह, नाक और गला दबाकर हत्या की गई। हत्या करने के मामले में फकीरा नगर निवासी विनोद कंवर को गिरफ्तार किया है। दो वर्ष से विनोद कंवर और सुभाष कुमावत के संबंध थे। सुभाष भी विनोद कंवर के बगल वाले मकान में किराए से रहता था। महिला का पति काम पर चला जाता था, उसके पीछे से दोनों के संबंध बन गए।

पति बाहर जाता और सुभाष जबरन बुलाता

एडिशनल डीसीपी रामसिंह ने बताया कि पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि पति जब भी घर से बाहर जाता, तभी सुभाष घर पर आ जाता और उससे जोर जबरदस्ती करता। उसके वीडियो भी बना लिए थे। इनकार करने पर आरोपी खुद मरने और महिला को मारने की धमकी देता। उसके पति को भी शक हो गया। पति-पत्नी के बीच झगड़ा भी होने लगा। पति के खिलाफ दहेज का मामला दर्ज करवा दिया। एक माह से सुभाष ने अति कर दी थी।


हत्या के बाद काम पर चली गई

पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि 6 मार्च को पति काम पर चला गया और सुभाष घर पर आ गया। वह जबरन संबंध बनाने की कोशिश करने लगा। उसने इनकार कर दिया तो उनमें कहासुनी हो गई। झगड़ते हुए सुभाष के कमरे में चले गए। सुभाष बैड पर लेटा था, तभी उसका मुंह और नाक दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। सुभाष के गले पर महिला के नाखून के निशान भी मिले। शव को घसीटकर उसके कमरे की खिड़की के पास लिटा दिया, जिससे खिड़की से लटककर आत्महत्या करना समझा जाए। बाद में वह फैक्ट्री में काम पर चली गई। दोपहर में घर आई फिर काम पर चली गई। शाम को घर लौटी, तभी उसका पति भी घर आया। सुभाष का कमरा खुला देख पति ने चाय पीने के लिए उसको आवाज लगाई। जबाव नहीं आने पर वहां जाकर देखा तो वह मृत पड़ा था। मकान मालिक की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। ढोडसर निवासी सुभाष के भाई सुनील को हत्या की जानकारी मिली, तब इस संबंध में मामला दर्ज करवाया है।

Published on:
10 Mar 2022 09:05 pm