आरोपी पशु चिकित्सक भर्ती परीक्षा कर चुका पास, साक्षात्कार के लिए 15 से 20 लाख रुपए एकत्र करने का कर रहा था प्रयास
जयपुर. विद्याधर नगर थाना पुलिस की गिरफ्त में आए डमी अभ्यर्थी पवन विश्नोई ने पूछताछ में चौकाने वाला खुलासा किया है। आरोपी डॉ. पवन विश्नोई ने पूछताछ में बताया कि वह पशु चिकित्सक भर्ती परीक्षा पास कर चुका है। अब साक्षात्कार होना शेष है। आरोपी को लोगों ने कहा कि साक्षात्कार में चयन के लिए 15 से 20 लाख रुपए रिश्वत देनी होगी, तभी उसका चयन होगा। इसलिए वह पशुधन सहायक भर्ती परीक्षा में डमी अभ्यर्थी बनकर रकम जुटा रहा था। गौरतलब है कि शनिवार रात को बाड़मेर के सेडवा निवासी पशु चिकित्सक पवन विश्नोई और पशुधन सहायक भर्ती परीक्षा में नरेश विश्नोई बनकर पहुंचा था। परीक्षा के दौरान ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया था। एडिशनल डीसीपी धर्मेन्द्र सागर दोनों आरोपी नरेश व पवन विश्नोई से पूछताछ कर रहे हैं। पवन ने कंपाउडर नरेश से परीक्षा पास कराने का सौदा 14 लाख रुपए में तय किया था। आरोपी पवन 4 लाख रुपए अग्रिम ले भी चुका था। दोनों आरोपी पांच दिन के रिमांड पर हैं। पूछताछ में आए तथ्यों पर भी जांच की जा रही है।
इधर, रीडर रिमांड पर, एसएचओ के नाम से मांगी थी रकम
जयपुर. भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने चौमूं थाने के एसएचओ के रीडर सांवरमल निठारवाल और दलाल रमेश बिजारणियां को सोमवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से एसीबी को रिमांड पर सौंप दिए गए। एसीबी ने रविवार शाम को चौमूं थाना एसएचओ हेमराज मूंड के नाम से 40 हजार रुपए रिश्वत लेते दलाल व रीडर को गिरफ्तार किया था। आरोपी 10 हजार रुपए पहले ले चुके थे। मादक पदार्थ के दर्ज मामले में परिवादी का नाम हटाने की एवज में यह रिश्वत वसूली थी। मादक पदार्थ मामले की जांच चौमूं थाने के एसएचओ के पास है। एसीबी एसएचओ और अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।