
बैंकॉक एयरपोर्ट की तस्वीर (फोटो-@ericson4smith)
जयपुर। जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से थाईलैंड जाने वाले यात्रियों को बड़ा झटका लगा है। बढ़ती एविएशन फ्यूल कॉस्ट के चलते एयर एशिया ने जयपुर से बैंकॉक के बीच संचालित होने वाली फ्लाइट को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। सोमवार से इस सेवा का संचालन रोक दिया गया, जिससे अब यात्रियों को बैंकॉक पहुंचने के लिए दूसरे शहरों से कनेक्टिंग फ्लाइट का सहारा लेना पड़ेगा। इससे यात्रा का समय बढ़ने के साथ-साथ खर्च भी अधिक हो जाएगा।
जानकारी के अनुसार एयरलाइन ने सिर्फ जयपुर-बैंकॉक रूट ही नहीं, बल्कि लखनऊ-बैंकॉक सेक्टर की उड़ानें भी फिलहाल रोक दी हैं। एयरलाइन के इस फैसले से पर्यटन और ट्रैवल सेक्टर से जुड़े कारोबारियों में भी चिंता बढ़ गई है, क्योंकि जयपुर से बड़ी संख्या में पर्यटक थाईलैंड यात्रा के लिए इस फ्लाइट का उपयोग करते थे।
विमानन विशेषज्ञों का कहना है कि एविएशन टर्बाइन फ्यूल (एटीएफ) की लगातार बढ़ती कीमतों का सीधा असर एयरलाइंस की परिचालन लागत पर पड़ रहा है। अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में ईंधन खर्च सबसे बड़ा हिस्सा होता है और जब फ्यूल की कीमतें बढ़ती हैं तो कम यात्री भार वाले रूट सबसे पहले प्रभावित होते हैं। जयपुर-बैंकॉक सेक्टर भी उन्हीं रूटों में शामिल है, जहां मांग सीमित होने के कारण एयरलाइन को आर्थिक दबाव झेलना पड़ रहा था।
फ्लाइट बंद होने से खासतौर पर उन यात्रियों को परेशानी होगी, जिन्होंने आने वाले दिनों में थाईलैंड यात्रा की योजना बनाई थी। अब उन्हें दिल्ली, मुंबई या अन्य बड़े शहरों से कनेक्टिंग उड़ानें लेनी पड़ सकती हैं। ट्रैवल एजेंसियों का कहना है कि इससे टिकट दरों में भी बढ़ोतरी हो सकती है।
इधर, जयपुर से दुबई के लिए प्रस्तावित उड़ान सेवा शुरू होने का इंतजार भी लंबा खिंचता नजर आ रहा है। विमानन क्षेत्र के जानकारों का मानना है कि पश्चिम एशिया में ईरान-इजराइल तनाव के चलते एयरलाइंस फिलहाल नए अंतरराष्ट्रीय रूट शुरू करने में सावधानी बरत रही हैं। क्षेत्र में बढ़ते जोखिम और परिचालन लागत का असर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की योजना पर साफ दिखाई दे रहा है।
विशेषज्ञों के अनुसार, जब तक फ्यूल कीमतों और वैश्विक परिस्थितियों में स्थिरता नहीं आती, तब तक कई अंतरराष्ट्रीय रूटों पर उड़ान सेवाएं प्रभावित रह सकती हैं।
Published on:
11 May 2026 09:35 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
