
राजस्थान के जयपुर-अजमेर हाईवे (NH-48) पर सोमवार सुबह-सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। चित्तौड़गढ़ से जयपुर की ओर आ रही एक प्राइवेट बस को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बस के पीछे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर ही चीख-पुकार मच गई। दर्दनाक हादसे में 2 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक व्यक्ति की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही मोखमपुरा थाना पुलिस और स्थानीय राहगीर तुरंत एक्शन मोड में आए और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। इस घटना ने एक बार फिर हाईवे पर चलने वाले भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना मोखमपुरा थाना क्षेत्र में महला गांव की सरहद पर हुई। सभी यात्री चित्तौड़गढ़ के सांवरिया सेठ मंदिर के दर्शन कर वापस जयपुर लौट रहे थे। इसी दौरान सुबह करीब 5 बजे अचानक बस का एक्सेल टूट गया, जिसके कारण चालक ने बस को हाईवे के किनारे खड़ा कर दिया था।
बस अभी खड़ी ही थी कि पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक ने बस को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस के अंदर सो रहे यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
मोखमपुरा थानाधिकारी (SHO) सुरेश गुर्जर ने जानकारी देते हुए बताया कि इस दर्दनाक सड़क हादसे में कुल 3 लोगों की जान जा चुकी है। मृतकों की पहचान विधिक रूप से पूरी कर ली गई है।
हादसे में जान गंवाने वाले यात्रियों के नाम मधुरज, सावरा और राहुल हैं। इनमें से 2 यात्रियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी, जबकि 1 यात्री ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
दुर्घटना में 4 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। स्थानीय प्रशासन ने तुरंत एम्बुलेंस की मदद से घायलों को पास के उपजिला अस्पताल पहुंचाया। वहां से 1 यात्री की हालत अत्यंत नाजुक होने के कारण उसे प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है।
हाईवे पर हुए इस भीषण एक्सीडेंट के बाद मौके पर भारी जाम और अफरा-तफरी की स्थिति बन गई थी। सूचना मिलते ही मोखमपुरा थाना एसएचओ सुरेश कुमार (सुरेश गुर्जर) तुरंत जाब्ते के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
पुलिस ने स्थानीय राहगीरों की मदद से बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला और तुरंत इलाज के लिए भिजवाया। मृतकों के शवों को उपजिला अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया गया है और उनके परिजनों को इस दुखद घटना की सूचना दे दी गई है।
पुलिस ने दुर्घटना का कारण बने तेज रफ्तार ट्रक को अपने कब्जे में लेकर जब्त कर लिया है और फरार ट्रक चालक की तलाश में जांच शुरू कर दी है।