
Jaipur ATM Theft: जयपुर में रविवार तड़के एक बड़ी वारदात होते-होते टल गई। जानकारी के अनुसार, चार नकाबपोश बदमाश बैंक ऑफ बड़ौदा के एक एटीएम की तिजोरी तोड़कर उसमें रखे 32 लाख रुपए निकालने की कोशिश कर रहे थे। वे लोग तिजोरी को तोड़ चुके थे लेकिन तभी मौके पर पुलिस की गश्ती टीम पहुंच गई। जैसे ही बदमाशों को इसकी भनक लगी, बदमाश मौके से तुरंत फरार हो गए। अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज और दूसरे सुरागों के आधार पर बदमाशों की तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार घटना रविवार तड़के करीब 1:45 बजे विश्वकर्मा थाना इलाके में हुई। चारों बदमाश चेहरे ढककर आए थे। उन्होंने पहले आसपास की गतिविधियों पर नजर रखी। इसके बाद उन्होंने लोहे की रॉड से एटीएम की तिजोरी का लॉक तोड़ दिया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बदमाश पूरी तैयारी के साथ आए थे और कुछ ही मिनटों में कैश निकालकर भागने की फिराक में थे।
बदमाश एटीएम की तिजोरी तोड़ चुके थे लेकिन इसी दौरान पुलिस नियमित गश्त के दौरान मौके पर पहुंच गई। जैसे ही बदमाशों को पुलिस की मौजूदगी का पता चला, वे घबरा गए। घबराहट में आकर चारों बदमाश एटीएम को उसी हालत में छोड़कर भाग गए। जब पुलिस ने मशीन की जांच की तो वह टूटी हुई मिली। लेकिन राहत की कबर यह थी कि तिजोरी के अंदर रखे 32 लाख सुरक्षित थे। सही समय पर पुलिस की एंट्री की वजह से बड़ी वारदात टल गई।
घटना के बाद विश्वकर्मा थाना पुलिस तुरंत हरकत में आ गई। आसपास के इलाकों में नाकाबंदी करवाई गई, ताकि बदमाश ज्यादा दूर न जा सकें। पुलिस ने मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली, जिसमें चार नकाबपोश संदिग्ध नजर आए हैं। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बदमाश किस रास्ते से आए थे और वारदात के बाद किस दिशा में फरार हुए। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि उन्होंने किस वाहन का इस्तेमाल किया था। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और दूसरे तकनीकी सुरागों की मदद से आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। जांच लगातार जारी है और अधिकारियों को उम्मीद है कि जल्द ही बदमाश पुलिस की पकड़ में होंगे।