
Jaipur Spa Center Raid: (फोटो-एआई जेनरेटेड)
जयपुर। जयपुर शहर के सबसे पॉश और व्यस्त इलाके सी-स्कीम में मसाज की आड़ में चल रहे अवैध और अनैतिक गतिविधियों के खेल पर शुक्रवार को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। इसके साथ ही झोटवाड़ा और महेश नगर में भी कार्रवाई की गई। तीन थाना इलाकों में की गई कार्रवाई में संचालक, मैनेजर, कर्मचारियों व ग्राहकों समेत कुल 39 लोगों को गिरफ्तार किया। साथ ही इन सेंटरों को सील करने के लिए जयपुर नगर निगम को प्रस्ताव भेजा है।
जयपुर शहर के स्पा सेंटरों में मसाज के नाम पर हो रही अनैतिक गतिविधियों का राजस्थान पत्रिका ने 1 जून को 'स्पा रैकेटः मसाज तो सिर्फ बहाना, एक्स्ट्रा सर्विस है असली खेल' शीर्षक से समाचार प्रकाशित कर खुलासा किया था। पत्रिका की खबर के बाद हरकत में आए पुलिस कमिश्नरेट ने ताबड़तोड़ अभियान चलाया। पिछले दो महीनों में ही 75 से अधिक स्पा सेंटरों पर कार्रवाई कर 300 से ज्यादा आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया जा चुका है। पुलिस की इन कार्रवाइयों से अनैतिक गतिविधियों में लिप्त लोगों में खौफ पैदा हुआ है।
अशोक नगरः सी स्कीम में पुलिस ने व्हाइट कैंडल, रिजूवना, ब्लू फिनिक्स, एवरग्रीन थाई, सौंदर्यम और लक्ष्य स्पा सेंटर पर एक साथ दबिश दी। सेंटर बिना तय मानकों व अनुमति के संचालित मिले। यहां से संचालकों, मैनेजरों और कर्मचारियों समेत 22 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
झोटवाड़ाः निवारू रोड स्थित ए टू जेड स्पा सेंटर, गैलेक्सी स्पा सेंटर और एक अन्य सेंटर (नया खुला था, नाम नहीं रखा गया) पर कार्रवाई की गई। मैनेजर सहित 9 जनों को पकड़ा गया।
महेश नगरः पुलिस ने सन एंड शाइन स्पा, यूनिक स्पा सेंटर, होटल अक्ष्यम स्पा, व एलिस्यान स्पा सेंटर, ब्लू डायमंड स्पा सेंटर, लक्स स्पा सेंटर और लाइमलाइट स्पा सेंटर पर दबिश दी। मैनेजर सहित आठ लोगों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।
कौन जारी करता है लाइसेंस: नगर निगम और संबंधित विभाग बिना कड़े भौतिक सत्यापन के स्पा संचालन की अनुमति कैसे दे देते हैं?
निगरानी किसकी थी: नियम-कायदों का उल्लंघन कर यह अनैतिक खेल चल रहा था, तो जिम्मेदार विभागों की नियमित चैकिंग और निगरानी टीम अब तक क्या कर रही थी?
किसका था संरक्षण: पॉश इलाके में सरेआम चल रहे इन सेंटरों पर समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं हुई? किस स्तर पर इन्हें संरक्षण मिल रहा था, यह भी जांच का बड़ा विषय है। थाना पुलिस भी अपने क्षेत्र में चल रहीं इन अवैध गतिविधियों पर पहले कार्रवाई क्यों नहीं कर रही थी।
Updated on:
02 Aug 2026 07:06 am
Published on:
02 Aug 2026 07:06 am
