बांदीकुई-जयपुर एक्सप्रेसवे पर गुरुवार रात करीब 3:30 बजे दर्दनाक हादसा हो गया। नेवर गांव की दिल्ली वालों की ढाणी के पास पिलर नंबर-42 के समीप तेज रफ्तार कार पीछे से बिजली केबल से भरे ट्रेलर में जा घुसी।
बूज-मानोता (जयपुर)। बांदीकुई-जयपुर एक्सप्रेसवे पर गुरुवार रात करीब 3:30 बजे दर्दनाक हादसा हो गया। नेवर गांव की दिल्ली वालों की ढाणी के पास पिलर नंबर-42 के समीप तेज रफ्तार कार पीछे से बिजली केबल से भरे ट्रेलर में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों में तुरंत आग लग गई और देखते ही देखते लपटें आसमान छूने लगी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद जोरदार धमाके होने लगे, जिससे आसपास अफरा-तफरी मच गई। कार सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही एनएचएआई हाईवे पेट्रोलिंग टीम के जगराम गुर्जर और मुकेश कसाना मौके पर पहुंचे और साहस दिखाते हुए घायलों को बाहर निकालकर सुरक्षित किया।
घायल प्रियांशु और मयंक, उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के बरोत गांव निवासी बताए गए हैं, जो जयपुर की ओर जा रहे थे। दोनों को तुरंत दौसा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने से कुछ समय यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में सुचारु किया गया।
जमवारामगढ़ उपखंड में दमकल गाड़ी नहीं होने से हर बार जयपुर से वाहन बुलाना पड़ता है। दूरी अधिक होने से राहत में देरी होती है। स्थानीय लोगों ने स्थायी दमकल व्यवस्था की मांग उठाई है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों में समय पर सहायता मिल सके।