Jaipur Weather Update: वायरल हो रही इन Exclusive तस्वीरों में देखा जा सकता है कि ओले इतनी भारी मात्रा में गिरे हैं कि उन्हें समेटना मुश्किल हो गया। जब बारिश थमी और परिवार के लोग बाहर आए, तो मंजर देख उनके होश उड़ गए।
Chaksu Hailstorm Photos: राजस्थान की राजधानी जयपुर में मौसम ने ऐसा पलटा खाया कि लोग गर्मी भूलकर कश्मीर की यादों में खो गए। जयपुर के पास ग्रामीण क्षेत्र चाकसू (Chaksu) में शनिवार को ऐसी जबरदस्त ओलावृष्टि (Hailstorm) हुई कि देखते ही देखते घर की बालकनी और आंगन सफेद चादर से ढक गए।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही इन Exclusive तस्वीरों में देखा जा सकता है कि ओले इतनी भारी मात्रा में गिरे हैं कि उन्हें समेटना मुश्किल हो गया। जब बारिश थमी और परिवार के लोग बाहर आए, तो मंजर देख उनके होश उड़ गए। बालकनी में ओलों का ढेर लग गया था, मानो जयपुर की तपती धरती पर कश्मीर की बर्फबारी उतर आई हो। परिवार के सदस्य इन ओलों को टोकरियों और बर्तनों में भरकर हटाते नजर आए।
मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में राज्य के ऊपर एक परिसंचरण तंत्र (Circulation System) सक्रिय है। इसका असर जयपुर, अजमेर, भरतपुर, कोटा और उदयपुर संभाग में देखने को मिल रहा है।
जयपुर में कल आए अंधड़ और बारिश ने और भी कई जगहों पर नुकसान किया है। जयपुर के वॉल सिटी इलाके में स्थित तत्कालेश्वर पुरी इलाके में करीब सौ साल पुराना एक पेड़ अंधड़ के चलते धराशायी हो गया। इस पेड़ के नीचे दो कारें और एक बाइक दब गई। गनीमत रही कि बाइक सवार को बचा लिया गया नहीं तो बड़ा नुकसान हो सकता था। क्षतिग्रस्त हो चुकी बाइक और एक कार को तो जैसे-तैसे निकाल लिया गया, लेकिन कार पूरी तरह से चकनाचूर हो गई। उसके उपर कई किलो वजनी लकड़ी का तना गिरा हुआ था। आज उसे काटकर हटाने की तैयारी की जा रही है। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान किसी व्यक्ति को चोट नहीं लगी। स्थानीय लोगों ने बताया कि पेड़ काफी पुरान हो चला था। हर सीजन में उसे छांगते थे ताकि उसका वजन कम हो सके, किसी को भी अंदाजा नहीं था कि यह पेड़ इस तरह से गिर जाएगा।