
CJP Jaipur School Audit Conflict: जयपुर। राजधानी जयपुर के सांगानेर स्थित रामपुरा-कंवरपुरा में सरकारी स्कूल की बदहाली देखने पहुंचे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों पर हुए हमले के बाद सह-संयोजक आशुतोष रांका ने घटना पर कड़ा आक्रोश जताते हुए सीधे राज्य सरकार और शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। रांका ने सरकार को 48 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की है।
आशुतोष रांका ने घटना के बारे में बताते हुए कहा कि हम रामपुरा-कंवरपुरा गांव में सरकारी स्कूल की बदहाली का जायजा लेने गए थे। पिछले कई सालों से यह स्कूल भैंसों के तबेले में चल रहा है। हम पिछले साल भी निरीक्षण के लिए आए थे और तब भी स्थितियां यही थीं। लेकिन इस बार हमारे पहुंचने से पहले ही वहां भाजपा से जुड़े लोग मौजूद थे। हमारे कार्यकर्ताओं पर अचानक हमला कर दिया गया। पुलिस को सूचना दी गई थी, फिर भी वे नहीं रुके। हमारी गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए गए, मोबाइल फोन फोड़ दिए गए, महिला कार्यकर्ता से मारपीट की गई और मेरी शर्ट तक फाड़ दी गई। हमारी टीम के एक सदस्य का हाथ टूट गया है और हम पर पत्थरों से भी वार किए गए।
आशुतोष रांका ने चेतावनी देते हुए कहा कि आज का दिन राजस्थान के लोकतांत्रिक इतिहास में एक काला दिन है। मैं शिक्षा मंत्री मदन दिलावर से कहना चाहता हूं कि आपके पास सिर्फ 48 घंटे का वक्त है। इन असामाजिक तत्वों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और स्कूल निरीक्षण से जुड़े जनविरोधी आदेश को वापस लिया जाए। अगर ऐसा नहीं हुआ तो सीजेपी पूरे राजस्थान में उग्र आंदोलन छेड़ेगी। इस बार लड़ाई सिर्फ स्कूलों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि हम मदन दिलावर के इस्तीफे की मांग करेंगे।
आशुतोष रांका ने कहा कि आज पूरे देश ने भाजपा की गुंडागर्दी लाइव देखी है। वहां पहले से ही पत्थरबाजी हो रही थी, लेकिन पुलिस मूकदर्शक बनी रही। पुलिस अधिकारियों ने साफ कह दिया कि वे कुछ नहीं करेंगे। यह पूरा हमला शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के इशारे पर किया गया है। हमारे स्वयंसेवकों के हाथ तोड़ दिए गए, गाड़ियों में तोड़-फोड़ की गई। बुजुर्गों तक ने हमारी टीम की महिला कार्यकर्ताओं पर पत्थर फेंके और उनके फोन तोड़ दिए। यह सब पहले से प्रायोजित और तय था।
सांगानेर इलाके के पास स्थित रामपुरा कंवरपुरा में सरकारी स्कूल का जायजा लेने पहुंचे सीजेपी के कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों के बीच शुक्रवार को सुबह भारी हंगामा हो गया। सीजेपी के सह-संयोजक आशुतोष रांका और उनकी टीम के पूर्वनिर्धारित दौरे से ठीक पहले कार्यकर्ताओं के पहुंचने पर स्थानीय ग्रामीण आक्रोशित हो गए और उन्होंने स्कूल के भीतर सीजेपी कार्यकर्ताओं को प्रवेश देने से साफ इनकार कर दिया। बवाल तब और ज़्यादा बढ़ गया जब मौके पर आशुतोष रांका पहुंचे। ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा, जिसके बाद रांका और उनके साथी कार्यकर्ताओं को ग्रामीणों ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा।