
जयपुर. दिवाली पर शहर को साफ-सुथरा रखने के लिए नगर निगम ने विशेष सफाई अभियान चलाया। लेकिन त्योहार खत्म होते ही सफाई व्यवस्था फिर पुराने ढर्रे पर लौट आई है। शहर की कई सड़कों और गलियों में कचरे के ढेर नजर आने लगे हैं। घरों से कचरा उठाने वाले हूपर नियमित नहीं पहुंच रहे। ऐसे में लोग सड़कों के किनारे और खाली भूखंडों में कचरा डाल रहे है। मालवीय नगर, मानसरोवर, चौमूं हाउस, सिविल लाइन्स, वैशाली नगर, विद्याधर नगर और खातीपुरा सहित कई इलाकों में सफाई व्यवस्था की पड़ताल में एक जैसी स्थिति सामने आई। बाहरी कॉलोनियों और कच्ची बस्तियों में हालात ज्यादा खराब है। कहीं-कहीं कचरा संग्रहण की गाड़ी नहीं पहुंच रही। डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण में गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग लेने की व्यवस्था भी प्रभावी नहीं है। रसोई से निकलने वाला गीला कचरा, प्लास्टिक, कागज और दूसरी सूखी सामग्री एक साथ जमा की जा रही है। इससे कचरे से खाद बनाने और पुनर्चक्रण की प्रक्रिया प्रभावित होती है।
गीले, सूखे और घरेलू हानिकारक कचरे को अलग-अलग रखना शहर की सफाई व्यवस्था सुधारने के साथ निगम का खर्च घटाने में भी मददगार हो सकता है।
जहां हूपर नियमित रूप से घरों तक नहीं पहुंच रहे हैं, वहां उनके रूट और समय की जांच कर व्यवस्था सुधारी जाएगी। गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग लेने के लिए एजेंसियों को पाबंद करेंगे। लापरवाही पर बिल में कटौती की जाती है। जिन क्षेत्रों में कचरा जमा होने की शिकायतें मिल रही हैं, वहां विशेष सफाई शुरू कराई गई है।
- गोपालराम मूंड, अधिशासी अभियंता, गैराज शाखा