जयपुर

स्वच्छता की रेस में राजस्थान की दोनों जोड़ियों का बुरा हाल, जयपुर-बगरू 65वें तो डूंगरपुर-सागवाड़ा 70वें नंबर पर

स्वच्छ शहर जोड़ी के नतीजों में राजस्थान की दोनों जोड़ियां पिछड़ गईं। जयपुर-बगरू को 65वां और डूंगरपुर-सागवाड़ा को 70वां स्थान मिला।
3 min read
• •
Updated: 14 Nov 2026, 10:43 AM IST
Swachh Survekshan 2025-26
Ai generated Image

जयपुर. स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के परिणामों में राजस्थान को लगातार दूसरे मोर्चे पर निराशा हाथ लगी है। स्वच्छता में दूसरे शहरों को मार्गदर्शन देने के लिए बनाई गई 'स्वच्छ शहर जोड़ी' के परिणाम शुक्रवार को जारी हुए। इसमें प्रदेश की दोनों जोड़ियां पिछड़ गई। जयपुर-बगरू को सूची में 65वां और डूंगरपुर-सागवाड़ा को 70वां स्थान हासिल हुआ है। इससे पहले 11 नवंबर को स्वच्छ सर्वेक्षण के मुख्य परिणामों की विभिन्न श्रेणियों में भी राज्य के शहरों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था। स्वच्छ शहर जोड़ी की शुरुआत पहली बार की गई है। इस पहल का मकसद बेहतर प्रदर्शन करने वाले शहरों के अनुभव और कार्यप्रणाली से दूसरे शहरों की सफाई व्यवस्था में सुधार करना था। इसके तहत जयपुर को बगरू और डूंगरपुर को सागवाड़ा का मेंटर शहर बनाया गया था। इस श्रेणी में अहमदाबाद-साणंद की जोड़ी पहले, इंदौर-देपालपुर दूसरे और तिरुपति-कुप्पम की जोड़ी तीसरे स्थान पर रही।

महाराष्ट्र की दस, हमारी दो जोड़ियां

महाराष्ट्र के 10 शहरों की जोड़ी, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के 7-7, आंध्र और गुजरात के 4-4, ओडिशा और यूपी के 3-3, असम, गोवा, हरियाणा, झारखंड, कर्नाटक और राजस्थान के 2-2 तथा अरुणाचल प्रदेश, बिहार, दादरा एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव, दिल्ली, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर, केरल, लद्दाख, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नगालैंड, पुडुचेरी, पंजाब, सिक्किम, तमिलनाडु, तेलंगाना, त्रिपुरा और उत्तराखंड के एक-एक जोड़ी को सूची में जगह मिली है।

मध्यप्रदेश

रैंकमेंटर शहरमेंटी शहर
02इंदौरदेपालपुर
06भोपालबैरसिया
23ग्वालियरडबरा
62देवाससोनकच्छ
63उज्जैनउन्हेल
67शाहगंजबाड़ी
68बुधनीरेहटी

छत्तीसगढ़

रैंकमेंटर शहरमेंटी शहर
09रायपुरबीरगांव
10बिलासपुररतनपुर
14भिलाईकोटा
19अम्बिकापुरबैकुंठपुर
21पाटनगुरुर
24कुम्हारीअहिवारा
51बिश्रामपुरजरही

राजस्थान

रैंकमेंटर शहरमेंटी शहर
65जयपुरबगरू
70डूंगरपुरसागवाड़ा

ये रहीं शीर्ष तीन जोड़ियां

  • अहमदाबाद-साणंद (गुजरात)
  • इंदौर-देपालपुर (मध्यप्रदेश)
  • तिरुपति-कुप्पम (आंध्रप्रदेश)

जयपुर को मिली थी बगरू को स्वच्छ बनाने की जिम्मेदारी

जयपुर को दूसरे शहर को स्वच्छता का पाठ पढ़ाने की जिम्मेदारी मिली, लेकिन नतीजों में खुद ही पिछड़ गया। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 में जयपुर की स्थिति पहले ही उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में टॉप-3 से बाहर रहने के बाद अब स्वच्छ शहर जोड़ी के परिणामों ने भी निराश किया है। जयपुर को बगरू का मेंटर सिटी बनाया गया था, लेकिन दोनों निकायों की जोड़ी देशभर की 70 जोडियों में 65वें स्थान पर रही। शुक्रवार को जारी परिणामों ने जयपुर की मेटरशिप और स्वच्छता प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए है। इस पहल के तहत जयपुर नगर निगम को मेंटर सिटी यानी मार्गदर्शक शहर और बगरू नगर पालिका को मेंटी सिटी यानी मार्गदर्शन लेने वाला शहर बनाया गया था। दोनों निकायों के बीच सितंबर 2025 में एमओयू भी हुआ था। इसके तहत जयपुर को अपने अनुभव, संसाधन और बेहतर सफाई प्रबंधन के गुर बगरू के साथ साझा करनी थी, ताकि वहां की स्वच्छता व्यवस्था में सुधार हो सके। लेकिन नतीजों में यह साझेदारी कोई खास कमाल नहीं दिखा पाई।

बगरू के नागरिकों को मिलना था सीधा फायदा

इस पहल का सबसे बड़ा लाभ बगरू के नागरिकों को मिलना था। जयपुर के सफाई प्रबंधन के अनुभव से बगरू में घर-घर कचरा संग्रहण, गीले-सूखे कचरे का पृथक्करण, नियमित सफाई, कचरे के परिवहन और वैज्ञानिक निस्तारण की व्यवस्था मजबूत हो सकती थी। इससे सडकों और सार्वजनिक स्थलों पर कचरे के ढेर कम होने, सफाई की नियमित निगरानी और शिकायतों के त्वरित समाधान की उम्मीद थी। वहीं जयपुर को भी अपने अनुभव साझा करने के साथ दूसरे निकाय की व्यवस्थाओं से सीखने का अवसर मिलना था।

सवाल तो उठेंगे: एमओयू के बाद कितना आगे बढ़े ?

इस पूरी पहल की सफलता के लिए केवल एमओयू करना पर्याप्त नहीं था। इसके लिए अधिकारियों के नियमित दौरे, सफाईकर्मियों का प्रशिक्षण, तकनीकी सहयोग और दोनों निकायों के बीच समय-समय पर समीक्षा जरूरी थी। अब सवाल है कि सितंबर 2025 के बाद जयपुर के कितने अधिकारियों ने बगरू का दौरा किया? कितने प्रशिक्षण कार्यक्रम हुए? कचरा संग्रहण और पृथक्करण की व्यवस्था में कितना सुधार आया?

Updated on:
14 Nov 2026, 10:43 AM IST
Published on: