
जयपुर। राजधानी में एक युवती को होटल में नशीला पदार्थ देकर उसके साथ अनैतिक कार्य करने और आपत्तिजनक वीडियो-फोटो के जरिए ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने अपनी कंपनी के बॉस पर करीब दो महीने के दौरान अलग-अलग होटलों में बुलाकर 10 से 12 बार अनैतिक कार्य करने का आरोप लगाया है। युवती की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, जयपुर निवासी 23 वर्षीय युवती ने रिपोर्ट में बताया कि उसने 10 जुलाई को प्रताप नगर थाना क्षेत्र स्थित एक कंपनी में सेल्स ऑफिसर के पद पर नौकरी जॉइन की थी। आरोप है कि 13 जुलाई को कंपनी के बॉस ने उसे अपने केबिन में बुलाया और अगले दिन सुबह जल्दी कार्यालय आने को कहा। उसे कस्टमर के यहां डेमो और वीडियो बनाने के बहाने साथ चलने के लिए कहा गया।
पीड़िता के अनुसार, 14 जुलाई को वह बॉस के साथ कस्टमर को डेमो देने गई थी। लौटते समय आरोपी उसे एक होटल में ले गया और कस्टमर के रिव्यू का वीडियो बनाने की बात कही। काफी देर तक कस्टमर के नहीं आने पर आरोपी ने उसे नाश्ता करने के लिए कहा। आरोप है कि नाश्ते में नशीला पदार्थ मिला हुआ था। इसे खाने के बाद युवती को बेहोशी महसूस होने लगी। तबीयत ठीक नहीं होने की बात कहने पर उसे होटल के कमरे में आराम करने के लिए भेज दिया गया।
पीड़िता का आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ अनैतिक कार्य किया और मोबाइल से आपत्तिजनक वीडियो बना लिया। होश आने पर विरोध करने पर आरोपी ने वीडियो दिखाकर उसे चुप रहने की धमकी दी। साथ ही वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
रिपोर्ट के मुताबिक, 19 जुलाई को आरोपी ने युवती को फिर एक दूसरे होटल में बुलाया। आरोप है कि वहां भी खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर उसके साथ अनैतिक कार्य किया गया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि इसके बाद करीब दो महीने तक आरोपी अलग-अलग होटलों में बुलाकर उसका शोषण करता रहा। वह आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे लगातार दबाव में रखता था।
पीड़िता ने बताया कि आरोपी उसे कंपनी की सूरत स्थित दूसरी ब्रांच में काम करने के लिए दबाव डाल रहा था। इसके लिए परिवार को राजी करने के लिए कहा गया। आरोप है कि परिवार के इनकार करने पर युवती पर घर छोड़ने का दबाव बनाया गया और वह परिजनों से दूर हो गई।
पीड़िता के अनुसार, 27 जुलाई को परिजन उसे लेने कार्यालय पहुंचे और आरोपी की बात मानने से इनकार कर दिया। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने कुछ युवकों को बुलाया, जिन्होंने युवती के भाई पर चाकू से हमला कर दिया। लगातार ब्लैकमेलिंग और प्रताड़ना से परेशान होकर युवती ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपों की जांच की जा रही है।