जयपुर

दिन में सूने मकानों में रैकी करते और रात को देते थे वारदात को अंजाम, ऐसे हुआ भंडाफोड़

Jaipur Crime News: ब्रह्मपुरी थाना पुलिस ने गुरुवार को दो चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 16 लाख के जेवर और 42 हजार बरामद किए हैं।
less than 1 minute read
• •
Updated: 15 Nov 2024, 8:31 AM IST
Feature image

Jaipur Crime News: ब्रह्मपुरी थाना पुलिस ने गुरुवार को दो चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 16 लाख के जेवर और 42 हजार बरामद किए हैं। पुलिस मामले में गिरोह के दो सदस्यों को तलाश रही है।

डीसीपी (उत्तर) राशि डोगरा डूडी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी आरिफ (27) नला नीलगरान रामगंज और मोहम्मद हसन (19) नाग तलाई सूरजपोल मंडी गलता गेट का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने की तीन चूड़ियां, सोने के दो हार, दो सेट सोने के बोरला रखड़ी, सोने की कनौती जोड़ी, टॉप्स, तीन अंगूठी, झुमके, लौंग, 130 ग्राम चांदी और 42 हजार 600 रुपए बरामद कर लिए।

इस संबंध में ब्रह्मपुरी निवासी माखनलाल ने 8 नवंबर को रिपोर्ट दी थी। पीड़ित ने बताया कि तड़के सवा चार बजे पत्नी के साथ गोविन्ददेवजी मंदिर गया था। लौटा तो गेट की कुंदी टूटी मिली। चोर अलमारी में रखे जेवर चुरा ले गए। पुलिस ने घटनास्थल के आस-पास के फुटेज देखकर नकबजनों के आने-जाने का चार्ट तैयार किया। पुलिस ने आरिफ और मोहम्मद हसन को गिरफ्तार कर लिया।

दिन में रैकी, रात को वारदात

थानाप्रभारी ईश्वर चंद पारीक ने बताया कि गिरोह का सरगना फिरोजाबाद यूपी निवासी इमरान है। इमरान साथी हसन कुरैशी के साथ दिन में सूने मकानों में रैकी करते और रात को चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। इमरान ने माल खपाने के लिए भाई मोहम्मद हसन को चोरी के जेवर व नकदी दे दिए थे जिसे लेकर वह फरार हो गया था। बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस इमरान और हसन कुरैशी की तलाश कर रही है।

Updated on:
15 Nov 2024, 8:31 AM IST
Published on: