जयपुर

Jaipur Crime : छात्रा मौत मामले में नया मोड़, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, आरोपी हिरासत में

Jaipur Crime : जयपुर के प्रताप नगर थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय छात्रा का शव मिलने के मामले ने नया मोड़ लिया। परिजनों का आरोप है कि आरोपी के रिश्तेदार एमएलए होने के कारण पुलिस दबाव में काम कर रही है।

3 min read
Jaipur Crime student death case New twist Family members expressed suspicion murder
Jaipur Crime : आरयूएचएस के बाहर मृतका के परिजन और पुलिस। फोटो पत्रिका

Jaipur Crime : जयपुर के प्रताप नगर थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय छात्रा का शव मिलने के मामले ने रविवार को नया मोड़ ले लिया। पोस्टमार्टम के बाद आरयूएचएस अस्पताल पहुंचे परिजनों ने शव लेने से इनकार कर दिया और अस्पताल के गेट पर धरने पर बैठ गए। परिजनों ने सवाईमाधोपुर में रहने वाले युवक पर हत्या का आरोप लगाया है। आरोप है कि उसके रिश्तेदार एमएलए होने के कारण पुलिस दबाव में काम कर रही है। परिजनों ने छात्रा की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

दिनभर पुलिस अधिकारियों और परिजन के बीच कई बार वार्ता हुई, लेकिन मेडिकल बोर्ड से दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग पर सहमति नहीं बन सकी। रात तक महिलाएं और समाज के लोग धरने पर बैठे रहे। न्याय की मांग को लेकर शाम को कैंडल मार्च भी निकाला गया।

उधर, धरने पर जयपुर एडिशनल डीसीपी आलोक सिंघल आरयूएचएस पहुंचे और परिजनों नहीं माने। पुलिस युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। अस्पताल के बाहर माहौल उस वक्त भावुक हो गया जब मृतका की मां, बेटी को याद कर बेसुध हो गई। उधर, विप्र महासभा के संस्थापक सुनील उदेड्या ने मामले की निष्पक्ष और शीघ्र जांच की मांग की है।

पुलिस कमिश्नर को दिया ज्ञापन

धरने के दौरान परिजन ने पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल के नाम पर ज्ञापन देते हुए आठ बिंदुओं पर कार्रवाई की मांग की। इसमें मेडिकल बोर्ड से दोबारा पोस्टमार्टम की मांग भी शामिल है। हालांकि इसमें कुछ मांगें मान ली गई, लेकिन परिजन सभी मांगों पर अड़े हुए थे।

खुद को एमएलए का रिश्तेदार बताता था

परिजन ने आरोप लगाया कि एक युवक ने इंस्टाग्राम के माध्यम से छात्रा से दोस्ती की थी और कुछ समय से उसे परेशान कर रहा था। उनका आरोप है कि युवक खुद को एक एमएलए का रिश्तेदार बताता था। परिवार के अनुसार पांच से सात दिन पहले छात्रा उससे बातचीत बंद कर दी थी। इसके बाद युवक ने उसे धमकाते हुए कहा था कि उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। परिजन का आरोप है कि पुलिस इस पहलू को गंभीरता से नहीं ले रही और मामले को हत्या की बजाय आत्महत्या की दिशा में मोड़ने का प्रयास कर रही है।

रातभर बेटी को तलाशता रहा परिवार

परिजन के अनुसार 15 वर्षीय छात्रा शुक्रवार शाम करीब साढ़े छह बजे साइकिल लेकर घर से निकली थी। रात साढ़े आठ बजे तक घर नहीं लौटने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। शनिवार सुबह करीब साढ़े सात बजे छात्रा का शव अपार्टमेंट की पहली मंजिल स्थित पोर्च पर मिला। परिजन का सवाल है कि छात्रा अपार्टमेंट तक कैसे पहुंची और वहां क्या हुआ, इसका अब तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। उनका कहना है कि सीसीटीवी फुटेज की जांच में अपेक्षित तेजी नहीं दिखाई गई।

युवक से बात की थी

परिजन के अनुसार, छात्रा की शाम करीब 6 बजे एक युवक से बातचीत हुई थी। बेटी के लापता होने के बाद परिवार ने उसी नंबर पर संपर्क किया। आरोप है कि युवक ने फोन उठाकर उन्हें इधर-उधर की बातों में उलझाया और छात्रा के सहेली के पास होने की बात कहता रहा। परिजन का दावा है कि उन्होंने रातभर में 10 से अधिक बार वॉट्सऐप कॉल भी किए, लेकिन बेटी के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली।

पुलिस बोली- रिपोर्ट के बाद स्थिति स्पष्ट होगी

पुलिस का कहना है कि मामले की हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से जांच की जा रही है। संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया है और रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।

Published on:
08 Jun 2026 08:17 am