जयपुर

जयपुर: बहन की विदाई से पहले उठा भाई का जनाजा, दूसरा युवक 4 महीने पहले बना था पिता

राजधानी जयपुर के आमेर एरिया में नशे में कार चला रहे युवकों ने बाइक और स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में शोएब और साहिल की मौत हो गई। शोएब चार महीने पहले पिता बना था, जबकि साहिल की बहन की 12 नवंबर को शादी थी।
2 min read
• •
Updated: 5 Nov 2026, 3:33 PM IST
jaipur amer road accident
मृतक शोएब और साहिल (फोटो सोशल मीडिया)

Jaipur Amer Road Accident: जयपुर के आमेर में भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं। बेकाबू कार की टक्कर से दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। मृतकों में शोएबुद्दीन उर्फ शोएब (25) और साहिल (25) शामिल हैं। शोएब चार महीने पहले ही पिता बना था। उसके घर में बेटे के जन्म का जश्न मनाने की तैयारी थी। वहीं, साहिल के घर में 12 नवंबर को उसकी बहन जेबा की शादी होनी थी। आरोप है कि कार सवार दोनों युवक शराब के नशे में थे। हादसे के बाद भागने की कोशिश कर रहे दोनों को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

दरअसल, हादसा बुधवार रात करीब 11 बजे आमेर थाना क्षेत्र की आमेर घाटी में हुआ। आमेर महल से जलमहल की तरफ जा रही तेज रफ्तार कार ने पहले आमेर मावठे के पास सेल्फी पॉइंट पर एक एक्टिवा को टक्कर मारी। इसके बाद कार चालक ने वाहन भगाने की कोशिश की और कुछ दूरी पर मजार के सामने एक बाइक को भी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार और बाइक सड़क किनारे खाई में जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया।

साहिल ने इलाज के दौरान तोड़ा दम, शोएब की मौके पर मौत

हादसे में बाइक सवार शोएब की मौके पर ही मौत हो गई। उसका साथी कलीमुद्दीन घायल हो गया। वहीं, एक्टिवा पर सवार साहिल, तरुण और सोहेल भी हादसे की चपेट में आ गए। गंभीर रूप से घायल साहिल ने गुरुवार को एसएमएस अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। तीनों घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए।

12 नवंबर को थी साहिल की बहन की शादी

बताते चलें कि साहिल के भाई इरशाद ने बताया कि परिवार में बहन जेबा की शादी की तैयारियां चल रही थीं। 12 नवंबर को उसकी शादी होनी थी। घर में खुशियों का माहौल था, लेकिन हादसे ने सब कुछ बदल दिया। साहिल की आमेर में मेडिकल शॉप थी। परिवार बहन की शादी के बाद उसकी शादी की तैयारी करने वाला था। इसके लिए उसके रिश्ते की बात भी शुरू करने की योजना थी।

चार महीने पहले पिता बना था शोएब

हादसे में जान गंवाने वाला शोएब भी अपने पीछे चार महीने का बेटा छोड़ गया है। उसके बेटे का नाम मोहम्मद हुसैन रखा गया था। इसी महीने परिवार ने बेटे के जन्म की खुशी में समारोह आयोजित करने की तैयारी की थी। शोएब अपने दोस्त कलीम के साथ दावत से बाइक पर घर लौट रहा था। उसका घर घाटगेट स्थित लोहारों का खुर्रा क्षेत्र में है। रास्ते में आमेर घाटी के पास हादसे ने उसकी जिंदगी छीन ली।

कार सवार दो युवक पुलिस हिरासत में

साहिल के भाई इरशाद का आरोप है कि कार सवार दोनों युवक नशे में थे। हादसे के बाद कार में बीयर के केन भी मिले। स्थानीय लोगों ने भागने की कोशिश कर रहे दोनों युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। आमेर थानाधिकारी राजेंद्र गोदारा के अनुसार, हादसे में दो युवकों की मौत हुई है। मामले में अयान (25), निवासी भीलवाड़ा और वर्तमान में सांगानेर निवासी तथा सागर सोलंकी (25) को हिरासत में लिया गया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है।

Updated on:
5 Nov 2026, 3:33 PM IST
Published on: