जयपुर

Jaipur News: लो-फ्लोर में छूट लेकिन E-Bus में पूरा किराया, जयपुर की ई-बसों में स्टूडेंट्स के लिए ये कैसा नियम?

Jaipur E Bus: जयपुर शहर में सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक बनाने के लिए जेसीटीएसएल की ओर से एसी और प्रीमियम ई-बसें सड़कों पर उतारी जा रही हैं, लेकिन विद्यार्थियों को किराए में कोई रियायत नहीं मिल रही।
2 min read
• •
Updated: 12 Nov 2026, 7:42 AM IST
e-bus
ई-बस में बैठती छात्राएं। फोटो: पत्रिका

जयपुर। जयपुर शहर में सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक बनाने के लिए जेसीटीएसएल की ओर से एसी और प्रीमियम ई-बसें सड़कों पर उतारी जा रही हैं, लेकिन विद्यार्थियों को किराए में कोई रियायत नहीं मिल रही। एक ही शहर की बस सेवा में अलग-अलग किराया नियमों के कारण छात्रों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।

ई-बसों में सीनियर सिटीजन और दिव्यांग यात्रियों को रियायती किराए की सुविधा मिल रही है, जबकि विद्यार्थियों को सामान्य यात्रियों की तरह पूरा किराया चुकाना पड़ रहा है। जयपुर शहर में करीब 25 हजार विद्यार्थी सामान्य लो-फ्लोर बसों में रियायती दरों पर सफर करते हैं। लेकिन ई-बसों में सफर करने पर उन्हें यह सुविधा नहीं मिलती। इससे रोजाना आने-जाने का खर्च बढ़ रहा है।

हर महीने बढ़ रहा जेब पर आर्थिक बोझ

कॉलेज और कोचिंग जाने वाले विद्यार्थियों का कहना है कि उनके पास नियमित आय का कोई साधन नहीं होता। कई छात्र रोजाना लंबी दूरी तय करते हैं। ऐसे में किराए में मिलने वाली छोटी-सी छूट भी महीने के अंत में बड़ी बचत बन सकती है। विद्यार्थियों की मांग है कि जेसीटीएसएल ई-बसों में भी छात्र रियायत लागू करे, ताकि आधुनिक सार्वजनिक परिवहन का लाभ सभी वर्गों को मिल सके।

नॉन-एसी बसों में दूरी के हिसाब से किराया

यात्रा की दूरीसामान्य किराया (₹)छात्र किराया (₹)
0-3 किमी1010
4-6 किमी1510
7-12 किमी2010
13-15 किमी2515
16-20 किमी3015
21-24 किमी3520
25-30 किमी4020
31-35 किमी4525
36-45 किमी5025
46-55 किमी5530
55 किमी से अधिक6030

छात्र रियायत पर करेंगे विचार

ई-बसों में छात्रों को यह सुविधा नहीं है। एसी बसों में विद्यार्थियों को रियायत नहीं दी जाती। भविष्य में सभी बसें ई-बसों में परिवर्तित हो रही हैं। ऐसे में छात्रों के किराए में छूट के नियम पर विचार करेंगे।
-नारायण सिंह, एमडी, जेसीटीएसएल

छात्रों के साथ हो रहा भेदभाव

छात्रों के साथ भेदभाव हो रहा है। जब अन्य श्रेणियों के यात्रियों को किराए में छूट दी जा रही है तो विद्यार्थियों को इससे बाहर क्यों रखा जा रहा है। छूट मिलने से छात्रों को काफी राहत मिलेगी।
-ईरा बोस, प्रदेशाध्यक्ष, राजस्थान युवा हल्ला बोल

Updated on:
12 Nov 2026, 7:42 AM IST
Published on: