जयपुर

जयपुर में यहां अब 14 घंटे का वन-वे… रात 11 बजे तक प्रवेश बंद, ट्रैफिक पुलिस ने अवधि 2 घंटे बढ़ाई

राजधानी जयपुर के इस मार्ग पर सुबह 9 से रात 11 बजे तक अजमेरी गेट से वाहनों का प्रवेश बंद है।

2 min read
Apr 15, 2025
jaipur news

Jaipur News: राजधानी जयपुर में एमआइ रोड पर अब 14 घंटे का वन-वे है। ट्रैफिक पुलिस ने गुपचुप तरीके से रात 11 बजे तक बाजार में वन-वे कर दिया है। सुबह 9 से रात 11 बजे तक अजमेरी गेट से वाहनों का प्रवेश बंद है। हालांकि ट्रैफिक पुलिस के अफसर कह रहे हैं कि अभी इसे प्रायोगिक तौर पर शुरू किया है, जबकि बाजार में पिछले 15-20 दिन से रात 11 बजे तक वन-वे चल रहा है।

एमआइ रोड पर यातायात दबाव देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने करीब 25 साल पहले पीक आवर्स में सुबह और शाम एक-एक घंटे का वन-वे किया। इसके बाद इसे सुबह 9 से दोपहर 12 बजे और शाम 4 से 7 बजे तक वन-वे तक कर दिया। फिर सुबह 9 से रात 9 बजे तक वन-वे किया। अब दो घंटे और बढ़ाकर वन-वे को रात 11 बजे तक कर दिया है। रात 11 बजे तक अजमेरी गेट की ओर से वाहनों का प्रवेश बंद है।

व्यापारियों में आक्रोश

वन-वे बढ़ाने से कारोबार प्रभावित हुआ तो व्यापारियों का आक्रोश सामने आने लगा है। बाजार में 14 घंटे के वन-वे को लेकर सोमवार को व्यापारी एकजुट हुए। एमआइ रोड व्यापार मंडल के नेतृत्व में व्यापारियों ने वन-वे के विरोध को लेकर बैठक बुलाई, जिसमें विरोध की रणनीति बनाई।

10 से 15% ने यहां से कारोबार शिफ्ट कर लिया। जो बचे हैं उनका व्यापार 50% तक प्रभावित हो रहा है। वन-वे बढ़ता है तो और शिफ्टिंग होगी। - सुरेश सैनी, महामंत्री, एमआइ रोड व्यापार मंडल

शहर में रात में भी ट्रैफिक का दबाव होने लगा है। एमआइ रोड पर दबाव को देखते हुए वन-वे का समय रात 9 बजे से बढ़ाकर रात 11 बजे किया गया है। अभी यह व्यवस्था प्रायोगिक तौर पर की गई है।- योगेश दाधीच, एडिशनल कमिश्नर ट्रैफिक, जयपुर कमिश्नरेट

वन वे करने से व्यापार कम हो गया है। रविवार को भी वन वे कर दिया। अब इसे बढ़ा दिया है। बाजार में पर्यटक आने से बचने लगे हैं। इससे पर्यटन उद्योग भी प्रभावित होगा।- एच.एस. पाली, अध्यक्ष, एमआइ रोड व्यापार मंडल

Published on:
15 Apr 2025 08:30 am
Also Read
View All

अगली खबर