
जयपुर। पढ़ाई के प्रति जुनून और पूर्व सैनिकों की मदद का जज्बा किसी व्यक्ति को अलग पहचान दिला सकता है। इसकी मिसाल जयपुर निवासी भारतीय सेना के सेवानिवृत्त सैनिक दशरथ सिंह शेखावत हैं। अलग-अलग विषयों में 149 डिग्री, डिप्लोमा और प्रमाण पत्र हासिल करने वाले शेखावत को मिजोरम के राज्यपाल एवं पूर्व सैन्य अधिकारी जनरल (सेवानिवृत्त) वीके सिंह ने सम्मानित किया है। उत्तर प्रदेश के फतेहगढ़ स्थित राजपूत रेजिमेंटल सेंटर में आयोजित रेजिमेंट के 17वें त्रि-वार्षिक सम्मेलन एवं पोस्ट-वॉर रीयूनियन समारोह में उन्हें 'रेजिमेंट कमांडेशन साइटेशन' सम्मान प्रदान किया गया। तीन दिवसीय समारोह में उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ सैनिकों और उनके परिवारों के लिए किए जा रहे सामाजिक कार्यों की भी सराहना की गई।
दशरथ सिंह शेखावत ने विभिन्न विषयों में अब तक 149 डिग्री, डिप्लोमा और प्रमाण पत्र हासिल किए हैं। शिक्षा के क्षेत्र में उनकी इस असाधारण उपलब्धि के चलते उनका नाम 'इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स' में भी दर्ज है। 138 डिग्री-डिप्लोमा हासिल करने के बाद 'इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स' में दशरथ सिंह शेखावत का नाम दुनिया के सबसे शिक्षित व्यक्ति के रूप में दर्ज किया गया था। इसके अलावा वे कई विश्व रिकॉर्ड भी बना चुके हैं। सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद भी उन्होंने सीखने और ज्ञान अर्जित करने का सिलसिला जारी रखा। अलग-अलग विषयों में उनकी रुचि और लगातार अध्ययन करने की प्रवृत्ति ने उन्हें विशिष्ट पहचान दिलाई है।
शेखावत की उपलब्धि केवल शैक्षणिक रिकॉर्ड तक सीमित नहीं है। उन्होंने सेवानिवृत्ति के बाद अपना समय सैनिकों और उनके परिवारों की मदद के लिए समर्पित किया है। अब तक वे 2500 से अधिक सेवारत एवं सेवानिवृत्त सैनिकों और उनके परिजनों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध करा चुके हैं। सैनिक परिवारों को कानूनी मामलों में मार्गदर्शन और सहयोग देने के उनके प्रयासों को भी इस सम्मान का महत्वपूर्ण आधार माना गया।
शेखावत के अनुसार, शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्धियों और सैनिकों को मुफ्त कानूनी सहायता देने के कार्यों के लिए उन्हें यह सम्मान मिला है। रेजिमेंट की ओर से दिया गया यह प्रशस्ति सम्मान उनके लंबे प्रयासों और सेवाभाव की पहचान है। दशरथ सिंह मूल रूप से झुंझुनूंजिले के नवलगढ़ क्षेत्र स्थित खीरोड़ गांव के रहने वाले हैं, मौजूदा समय में राजधानी जयपुर में निवास करते हैं।
फतेहगढ़ में आयोजित इस समारोह में राजपूत रेजिमेंट के कर्नल ऑफ द रेजिमेंट लेफ्टिनेंट जनरल हरजीत सिंह शाही, सेंटर कमांडेंट ब्रिगेडियर माइकल डिसूजा, सेंटर सूबेदार मेजर संजीव कुमार और सूबेदार एसए वीरम सिंह सहित कई वरिष्ठ सैन्य अधिकारी मौजूद रहे। समारोह में विभिन्न कमानों और मुख्यालयों से आए अधिकारी, सभी बटालियनों के कमांडिंग ऑफिसर, पूर्व सैनिक और वीर नारियां भी शामिल हुईं।