जयपुर

3 दिन तक गुजरात में रहा राहुल, जयपुर आते ही बीवी और 3 बेटियों को मार डाला; मृत पत्नी के हाथ में मिले पति के बाल

जयपुर शहर के करधनी थाना क्षेत्र में जिस राहुल ने अपने ही परिवार के चार लोगों की निर्मम हत्या की, वो 3 दिन तक गुजरात में रहकर आया था। राहुल का मोबाइल पुलिस के हाथ लगा है। अब पुलिस जांच कर रही हैं कि वह गुजरात में आरोपी राहुल किस-किस से मिला था।
2 min read
Sep 12, 2026
jaipur crime news
वह मकान, जहां हत्याकांड की घटना सामने आई व इनसेट में मृतका पत्नी व आरोपी पति। फोटो: पत्रिका

जयपुर। जयपुर शहर के करधनी थाना क्षेत्र में जिस राहुल ने अपने ही परिवार के चार लोगों की निर्मम हत्या की, वो 3 दिन तक गुजरात में रहकर आया था। राहुल का मोबाइल पुलिस के हाथ लगा है। अब पुलिस जांच कर रही हैं कि वह गुजरात में आरोपी राहुल किस-किस से मिला था और इसके पीछे की क्या वजह रही थी। आरोपी की तलाश के लिए कमिश्नर सचिन मित्तल ने एसीपी शिव भारद्वाज व एसएचओ सवाई सिंह के नेतृत्व में एक दर्जन से ज्यादा टीमें गठित की गई हैं, जो घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ ही संदिग्धों से पूछताछ में जुटी है। हालांकि अभी तक राहुल का कोई सुराग नहीं लगा है। बता दें कि करधनी क्षेत्र के एक घर में शुक्रवार को तीन अलग-अलग कमरों में गीता देवी (40) और उसकी तीन बेटियों नंदिनी (22), राधिका (17) और गिरिशा उर्फ गोरी (14) के शव मिले थे।

सुबह करीब नौ बजे तक बहू और पोतियों के नहीं उठने पर बुजुर्ग लक्ष्मीनाथ उन्हें देखने गए। घर के अलग-अलग कमरों में मां-बेटियों को खून से लथपथ पाया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस को दूसरी मंजिल पर बने पति-पत्नी के कमरे में संघर्ष के संकेत मिले हैं। गीता के गुजरात में रहने वाले पीहर पक्ष से रात करीब डेढ़ बजे मोबाइल पर आखिरी बार बातचीत हुई थी।

माना जा रहा है कि इसी दौरान राहुल की गीता से कहासुनी हुई। इस दौरान विवाद बढ़ गया और उसने पत्थर से सिर कुचलकर पत्नी गीता की हत्या कर दी। इसके बाद उसने घर में सो रही तीनों बेटियों पर पत्थर से हमला किया। पुलिस की जांच में सामने आया है कि चारों की हत्या गीता के पति राहुल कुमार झा (45) ने सीमेंट की मोटी ईंट से वार कर की। वारदात के बाद रातभर आरोपी घर में रहा और सुबह घर से फरार हो गया।

गुजरात से आते ही दिया वारदात को अंजाम

जांच में सामने आया है कि शेयर मार्केट में घाटा लगने के बाद राहुल प्लॉट बेचना चाह रहा था, लेकिन पत्नी ने मना कर दिया था। क्योंकि प्लॉट पत्नी के नाम था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच पहले भी विवाद हुआ था। जांच में सामने आया कि राहुल 6 सितंबर को गुजरात गया था और तीन दिन तक वहीं रुका था। 9 सितंबर को वापस जयपुर आने के अगले ही दिन राहुल ने अपने ही परिवार के लोगों की निर्मम हत्या कर दी।

पत्नी के हाथ में मिले पति के बाल

मौके के हालात से लगता हैं कि वारदात के दौरान राहुल का पत्नी गीता से संघर्ष हुआ था, पत्नी के हाथ में कुछ बाल मिले हैं, जो संभवत राहुल के बताए जा रहे है। पत्नी का शव ऊपर के फ्लोर पर कमरे में मिला है। ग्राउंड फ्लोर पर दो कमरे बने हैं, एक कमरे में बेड पर सबसे छोटी बेटी गौरी का शव मिला है। दूसरे कमरे में नंदिनी व राधिका का शव मिला है। एक बेटी सोफे पर सो रही थी। 10 किलो वजनी पत्थर (सीमेंट ब्रिक्स) के वार से वह नीचे गिर गई और सोफा भी टूट गया। इसके बाद हत्यारे ने सिर कुचला। पुलिस ने घर से राहुल का मोबाइल भी बरामद किया है। पुलिस अब जांच कर रही हैं कि वह गुजरात में आरोपी राहुल किस-किस से मिला था ।

Updated on:
12 Sept 2026 01:46 pm
Published on:
12 Sept 2026 01:46 pm