
Neeraj Sharma Murder Case : जयपुर में बहुचर्चित नीरज शर्मा हत्याकांड का मास्टरमाइंड व फरार चल रहे रवि प्रकाश उर्फ बलराम को पुलिस ने आज गिरफ्तार कर लिया है। बलराम की गिरफ्तारी पर पुलिस ने पांच हजार रुपए का इनाम रखा था। प्रताप नगर थाना पुलिस शिकंजे में आए आरोपी रवि प्रकाश उर्फ बलराम से पूछताछ कर रही है। इस बहुचर्चित हत्याकांड में पुलिस ने मृतका नीरज शर्मा की बेटी आयुषी और जेठ मोहन स्वरूप सहित 7 आरोपियों को पहले से ही गिरफ्तार कर रखा है।
जयपुर में डीसीपी (वेस्ट) रंजिता शर्मा ने बताया कि नीरज शर्मा हत्याकांड मामले में फरार व 5 हजार रुपए इनामी रवि प्रकाश उर्फ बलराम के बारे में थाने के हेड कॉन्स्टेबल दयाराम को अपने सूत्रों के जरिए पता चला कि शुक्रवार दोपहर बलराम सांगानेर आने वाला है। पुलिस टीम सतर्क हो गई और मिली सूचना के आधार पर सांगानेर के सीताबाड़ी में दबिश देकर आरोपी बलराम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी बलराम से पूछताछ कर रही है। उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। उम्मीद की जा रही है कि पूछताछ में इस बहुचर्चित हत्याकांड से जुड़ी कई कड़ियां खुल सकेंगी। बताया जा रहा है कि बलराम संपत्ति हड़पने के लिए 3 महीने से हत्या की साजिश रच रहा था।
पुलिस जांच में पता चला कि रवि प्रकाश हत्या मामले में जेल में बंद साथियों को छुड़वाने की कोशिश कर रहा था। आरोपियों की जमानत के लिए रवि प्रकाश जयपुर में वकील से मिलने आया था। जोधपुर के बिलाड़ा से ट्रेन में बैठकर शुक्रवार तड़के रवि प्रकाश जयपुर पहुंचा था। वकीलों से संपर्क करने के दौरान ही पुलिस ने सूचना मिलने पर आरोपी को पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार बलराम तीन महीने से अपनी चाची नीरज शर्मा की हत्या की साजिश रच रहा था। इस साजिश के तहत भरतपुर जिले के हेमंत शर्मा को सात लाख रुपए की सुपारी देकर हत्या की योजना बनाई गई थी। हेमंत ने यह काम अन्य बदमाशों को सौंपा। उन्होंने पहले एक गाड़ी से नीरज शर्मा को कुचलकर मारने का प्रयास किया लेकिन भीड़भाड़ होने से सफल नहीं हुए। अब बलराम की गिरफ्तारी के बाद इस पूरी घटना से जुड़ी कई अन्य जानकारी भी पुलिस के सामने आने की संभावना है।
पुलिस ने हत्या में शामिल मृतका की बेटी आयुषी और जेठ मोहन स्वरूप के अलावा हेमंत शर्मा, आकाश शर्मा, अरविंद शर्मा, मोहित शर्मा, रोहित जाटव को गिरफ्तार कर लिया था।