जयपुर

सिर्फ 10 मीटर दूर था गैस गोदाम… जयपुर में शोरूम की आग से मकानों में आईं दरारें, रातभर दहशत में रहे लोग

Jaipur Showroom Fire: जयपुर के झोटवाड़ा स्थित प्रेम नगर में एक शोरूम में भीषण आग लग गई। आग पास के गैस गोदाम से महज 10 मीटर दूर थी। 15 दमकलों ने करीब 90 चक्कर लगाकर छह घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
2 min read
• •
Updated: 10 Nov 2026, 9:40 AM IST
Jaipur Showroom Fire
झोटवाड़ा के प्रेम नगर स्थित अंबिका विहार के शोरूम में लगी आग (Photo-Patrika)

जयपुर. झोटवाड़ा के प्रेम नगर स्थित अंबिका विहार में रविवार रात एक शोरूम में लगी आग से पूरी बस्ती की सांसें अटकी रहीं। शोरूम से 10 मीटर की दूरी पर गैस गोदाम होने के कारण आग के वहां तक पहुंचने का खतरा मंडराता रहा। बेसमेंट में रखे गद्दे, फर्निशिंग और फर्नीचर के सामान से लेकर तीन मंजिलों पर रखे कपड़ों और साडियों के स्टॉक तक आग फैलती चली गई। लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के मकानों तक इसकी तपिश पहुंची और एक मकान में दरारें तक आ गई। आग की भयावहता को देखते हुए दमकलकर्मियों को गैस गोदाम की तरफ लपटें बढ़ने से रोकने के लिए भी मशक्कत करनी पड़ी। 15 दमकलों ने करीब 90 चक्कर लगाकर साढ़े छह घंटे तक आग बुझाने का प्रयास किया। सोमवार सुबह करीब छह बजे आग पर काबू पाया जा सका। गनीमत रही कि आग गैस गोदाम तक नहीं पहुंची, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

शोरूम में ऐसे फैली आग

प्रेम नगर में सुमित डंगायच का साड़ी, फर्निशिंग और फर्नीचर का शोरूम है। रविवार रात करीब 11.30 बजे शोरूम में अचानक आग लग गई। पहली मंजिल से शुरू हुई आग देखते ही देखते विकराल हो गई। बेसमेंट में गद्दे, फर्निशिंग और फर्नीचर का सामान रखा था, जबकि पहली से तीसरी मंजिल तक कपड़ों और साडियों का स्टॉक था। बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामान होने से आग तेजी से फैलती गई। सूचना पर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

मकान की दीवार तक पहुंची लपटें, आई दरारें

आग की तपिश से आसपास के मकान भी प्रभावित हुए। अंबिका विहार निवासी प्रदीप सिंह ने बताया कि उनका मकान शोरूम के पीछे वाली गली में है। आग की लपटें उनके मकान की पिछली दीवार तक पहुंच गईं। तपिश से मकान में दरारें आ गईं। रातभर आग की लपटें देखकर आसपास के लोग दहशत में रहे।

हर दमकल ने 10-10 चक्कर लगाए

सहायक अग्निशमन अधिकारी सुरेश कुमार यादव ने बताया कि आग बुझाने के लिए 15 दमकल गाड़ियां लगाई गई। प्रत्येक दमकल ने करीब 10 चक्कर लगाए। सोमवार सुबह छह बजे आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। इसी तरह वैशाली नगर के रंगोली गार्डन में 11 मंजिल के एक फ्लैट और सांगानेर में भी आग लग गई। हालांकि काबू पा लिया गया।