
अपनी अनूठी वास्तुकला, ऐतिहासिक विरासत और संस्कृति के लिए दुनिया भर में प्रसिद्ध गुलाबी नगरी जयपुर आज अपना 299वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मना रहा है। मंगलवार, 17 नवंबर को पारंपरिक अंदाज में दो दिवसीय स्थापना दिवस समारोह का भव्य शुभारंभ हुआ। इसके साथ ही गुलाबी नगरी अपनी स्थापना के 299 वर्ष पूरे कर कल बुधवार, 18 नवंबर को अपने गौरवशाली इतिहास के 300वें वर्ष में प्रवेश कर जाएगी।
समारोह की शुरुआत मंगलवार सुबह 9 बजे ऐतिहासिक मोती डूंगरी गणेश मंदिर से हुई। नगर निगम जयपुर के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में जयपुर मेयर सुनील कोठारी सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भगवान गणेश के चरणों में शीश नवाकर शहर की सुख-समृद्धि, खुशहाली और निरंतर विकास की कामना की तथा स्थापना दिवस के निर्विघ्न आयोजन का आशीर्वाद मांगा।
इस पावन अवसर पर जयपुर के परकोटे के प्रमुख दरवाजों और ऐतिहासिक स्थलों पर पारंपरिक शहनाई वादन किया जा रहा है। न्यू गेट, सांगानेरी गेट, अजमेरी गेट, जोरावर सिंह गेट, गंगापोल गेट, सूरजपोल गेट, चांदपोल गेट और घाटगेट पर गूंजती शहनाई की धुनें उत्सव के माहौल को और भी खास बना रही हैं।
मंगलवार शाम 5 बजे बिड़ला ऑडिटोरियम में एक भव्य अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें देश और प्रदेश के नामचीन कवि अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे।
समारोह की विधिवत शुरुआत से पहले नगर निगम जयपुर के महापौर सुनील कोठारी ने सोमवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के सरकारी आवास पहुंचकर उन्हें जयपुर स्थापना दिवस समारोह का आधिकारिक निमंत्रण पत्र सौंपा। इस दौरान पार्षद प्रतिभा शर्मा, विमल अग्रवाल, शैलेंद्र भार्गव, सुभाष संघी और पूर्व उप महापौर पंकज जोशी भी मौजूद रहे।
समारोह के दूसरे दिन यानी बुधवार को कई धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा:
ऐतिहासिक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को संजोए हुए जयपुर का यह त्रिशताब्दी की ओर बढ़ता कदम हर जयपुरवासी के लिए गर्व का विषय है।