जयपुर

जयपुर में एक साथ 4 हत्या मामले में बड़ा खुलासा, कमरे में मिले संघर्ष के निशान, रात 1.30 बजे पीहर में हुई थी बात

राजधानी जयपुर में पत्नी और तीन बेटियों की हत्या मामले में पुलिस को अहम सुराग मिले हैं। शेयर बाजार में भारी नुकसान और गृह क्लेश की वजह से हत्या की बात कही जा रही है। रात डेढ़ बजे पत्नी ने पीहर में आखिरी बात की थी, जिसे पुलिस ने जांच में शामिल किया है।
2 min read
Sep 11, 2026
Jaipur murder
Jaipur Murder: मृतक बेटियां और आरोपी पति के साथ मृतका पत्नी (फाइल फोटो-पत्रिका)

जयपुर। शहर के करधनी क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक ही परिवार के चार सदस्यों के खून से लथपथ शव मिलने से सनसनी फैल गई। घर के तीन अलग-अलग कमरों में गीता देवी (40) और उसकी तीन बेटियों नंदिनी (22), राधिका (17) और गिरिशा उर्फ गोरी (14) के शव मिले। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चारों की हत्या गीता के पति राहुल कुमार झा (45) ने सीमेंट की मोटी ईंट से वार कर की है।

वारदात के बाद राहुल ने कपड़े बदले। सुबह करीब सात बजे दूधवाले से दूध लिया और अपने पिता लक्ष्मीनाथ झा को चाय बनाकर पिलाई। इसके बाद मोबाइल घर पर छोड़कर भाग गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। प्रारंभिक जांच में शेयर बाजार में भारी नुकसान और पत्नी से गृह क्लेश के चलते वारदात किए जाने की आशंका सामने आई है। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।

पति-पत्नी के कमरे में संघर्ष के निशान

सुबह करीब 9 बजे तक बहू और पोतियों के नहीं उठने पर लक्ष्मीनाथ उन्हें देखने गए। घर के अलग-अलग कमरों में मां-बेटियों को खून से लथपथ पाया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस को दूसरी मंजिल पर बने पति-पत्नी के कमरे में संघर्ष के संकेत मिले हैं।

रात में 1.30 बजे पीहर में हुई थी बात

आशंका है कि राहुल की पहले गीता से कहासुनी हुई और संघर्ष के बाद उसने उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने सो रही तीनों बेटियों पर हमला किया। गीता के गुजरात में रहने वाले पीहर पक्ष से रात करीब डेढ़ बजे मोबाइल पर आखिरी बार बातचीत हुई थी। पुलिस इस बातचीत के बाद के घटनाक्रम को भी जांच का महत्वपूर्ण बिंदु मान रही है।

सामने के भूखण्ड से लाया था दो ईंट

घर के सामने वाले भूखण्ड में निर्माण कार्य चल रहा था और वहां सीमेंट की मोटी ईंटें रखी थीं। पुलिस के अनुसार राहुल वहां से दो ईंटें उठाकर घर में लाया था। प्रारंभिक जांच में इन्हीं से चारों के सिर पर वार किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने घर की तलाशी के दौरान राहुल का मोबाइल बरामद किया। पुलिस परिवार के सदस्यों, पड़ोसियों और परिचितों से पूछताछ कर रही है।

ब्यूटी पार्लर में हाथ बंटाती थी नंदिनी

गीता घर पर ब्यूटी पार्लर चलाती थी। बड़ी बेटी नंदिनी प्राइवेट बीए प्रथम वर्ष की पढ़ाई के साथ मां के काम में हाथ बंटाती थी। राधिका 12वीं और गिरिशा आठवीं कक्षा में पढ़ रही थी। चार मौतों से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

Updated on:
11 Sept 2026 08:09 pm
Published on:
11 Sept 2026 08:09 pm