
जयपुर में पत्नी और तीन बेटियों की हत्या (फोटो-पत्रिका नेटवर्क)
Jaipur Murder Case Update: जयपुर। जयपुर के करधनी थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां गुरुवार रात एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और तीन बेटियों की सिर पर पत्थर से वार कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी शुक्रवार सुबह अपने बुजुर्ग पिता को चाय पिलाकर घर से फरार हो गया। पुलिस को चारों के शव अलग-अलग कमरों में मिले हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि हत्या सोते समय की गई।
आरोपी के पिता लक्ष्मीनारायण झा ने बताया कि वे सुबह उठे तो बेटे ने उन्हें चाय बनाकर दी थी। इसके बाद राहुल तैयार होकर घर से चला गया। बाद में कमरों में खून दिखाई दिया तो उन्होंने पड़ोसियों को इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि घर में कौन आया और कौन नहीं आया, उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। यह वारदात कैसे हुई, इसके बारे में भी उन्हें कुछ पता नहीं है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी राहुल झा ने सुबह करीब 7 बजे दूध वाले से दूध लिया था। इसके बाद उसने अपने बुजुर्ग पिता लक्ष्मीनारायण झा के लिए चाय बनाई और उन्हें चाय पिलाई। कुछ देर बाद वह घर से निकल गया। आरोपी अपना मोबाइल फोन भी घर पर ही छोड़ गया और उसे स्विच ऑफ कर दिया। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
वारदात की सूचना मिलने के बाद जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल भी मौके पर पहुंचे। एडिशनल डीसीपी राजेश गुप्ता ने बताया कि कंट्रोल रूम से घटना की सूचना मिली थी। चारों शव अलग-अलग कमरों में मिले हैं। प्रथम दृष्टया पत्थर से वार कर हत्या किए जाने की बात सामने आई है। आरोपी फरार है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
DCP वेस्ट प्रशांत किरण के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे पुलिस को गोविंद वाटिका के प्लॉट नंबर ए-169 में हत्या की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची तो गीता झा (40) का शव मकान की पहली मंजिल पर बने कमरे में मिला। वहीं तीन बेटियों नंदनी (22), राधिका (17) और गिरीश उर्फ गौरी (14) के शव ग्राउंड फ्लोर के दो अलग-अलग कमरों में मिले।
पुलिस के अनुसार, चारों की हत्या सिर और मुंह पर वार कर की गई है। घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल किया गया पत्थर भी बरामद कर लिया गया है। गीता घर पर ही ब्यूटी पार्लर चलाती थी। तीनों बेटियां पढ़ाई कर रही थी। नंदिनी पढ़ाई के साथ प्राइवेट जॉब कर रही थी। राधिका 12वीं क्लास की छात्रा थी। गिरीश उर्फ गौरी आठवीं में पढ़ती थी।
Updated on:
11 Sept 2026 02:50 pm
Published on:
11 Sept 2026 02:49 pm
