11 सितंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

निगम चुनाव: कांग्रेस एजेंट नहीं बैठने दिया तो प्रत्याशी अनिता ने किया हंगामा, गरमाया माहौल, जयपुर में वार्ड 26 का मामला

जयपुर नगर निगम चुनाव के मतदान के दौरान वार्ड संख्या 26 के मंगलम सिटी गवर्मेंट स्कूल बूथ पर कांग्रेस प्रत्याशी अनिता देवी ने हंगामा कर दिया। मतदान केंद्र पर कांग्रेस के एजेंट को नहीं बैठाने को लेकर विवाद हुआ। कांग्रेस प्रत्याशी अनिता देवी ने मतदान कर्मचारियों पर मिलीभगत के आरोप लगाए।
2 min read
Google source verification
PATRIKA PHOTO

PATRIKA PHOTO

जयपुर। जयपुर नगर निगम चुनाव के मतदान के दौरान वार्ड संख्या 26 के मंगलम सिटी गवर्मेंट स्कूल बूथ पर कांग्रेस प्रत्याशी अनिता देवी ने हंगामा कर दिया। मतदान केंद्र पर कांग्रेस के एजेंट को नहीं बैठाने को लेकर विवाद हुआ। कांग्रेस प्रत्याशी अनिता देवी ने मतदान कर्मचारियों पर मिलीभगत के आरोप लगाए। विवाद बढ़ने पर मौके पर मौजूद पुलिस ने स्थिति संभाली। फिर एजेंट को बैठाया गया। इसके बाद मतदान प्रक्रिया जारी है।

वार्ड 26 के बाद वार्ड 114 में भी विवाद

वार्ड 114 के धाभाई जी का खुर्रा स्थित कसेरियों की धर्मशाला में बनाए गए मतदान केंद्र पर भी सुबह विवाद हो गया। यहां एक निर्दलीय प्रत्याशी ने कांग्रेस प्रत्याशी के बूथ के अंदर मौजूद होने पर आपत्ति जताई और उन्हें बाहर करने की मांग की। इसे लेकर दोनों पक्षों के बीच झड़प की स्थिति बन गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया।

ईवीएम खराब होने से मतदाताओं को परेशानी

वहीं वार्ड 113 के कांवटिया का खुर्रा स्थित अग्रवाल धर्मशाला मतदान केंद्र पर सुबह करीब 7:15 बजे ईवीएम मशीन खराब हो गई। करीब आधे घंटे तक मतदान प्रभावित रहा। मशीन खराब होने की जानकारी मिलने पर कुछ मतदाता वापस लौट गए। वहीं, कतार में खड़े मतदाताओं ने नाराजगी जताते हुए कहा कि मतदान शुरू होने से पहले मशीनों की जांच पूरी होनी चाहिए थी। वार्ड 141 के बूथ नंबर 11 पर भी ईवीएम कुछ समय के लिए बंद हो गई, जिसे बाद में ठीक कर दिया गया।

150 वार्डों में मतदान, 24.33 लाख मतदाता

जयपुर नगर निगम के सभी 150 वार्डों में शुक्रवार सुबह 7 बजे मतदान शुरू हुआ। मतदान को लेकर शहर के बूथों पर सुबह से ही उत्साह नजर आया। बुजुर्ग, महिलाएं और युवा बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों पर पहुंचे। कई बूथों पर मतदान शुरू होने से पहले ही कतारें लग गई। जयपुर में कुल 24 लाख 33 हजार 121 मतदाता हैं, जो 723 प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेंगे। मतदान के लिए 2256 बूथ बनाए गए हैं, इनमें 652 क्रिटिकल श्रेणी में हैं।

दीया कुमारी समेत दिग्गजों ने डाला वोट

डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने वार्ड 141 के पेंशन कार्यालय बूथ नंबर 10 पर मतदान किया। मतदान के बाद उन्होंने लोगों से घरों से निकलकर वोट डालने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदान लोकतंत्र का उत्सव है और प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उद्योग मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने भी मतदान किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में कोई भी चुनाव लड़ सकता है। राज्यसभा सांसद डॉ. सतीश पूनियां ने वार्ड 34 के राणी सती नगर स्थित ब्राइट फ्यूचर स्कूल में सपरिवार मतदान किया।

वार्ड 27 में बुजुर्गों के पैर पकड़कर मांगे वोट

झोटवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के वार्ड 27 में भाजपा प्रत्याशी शंकर लाल यादव बुजुर्ग मतदाताओं के पैर पकड़कर अपने पक्ष में मतदान की अपील करते नजर आए। चुनाव में भाजपा-कांग्रेस के अलावा क्षेत्रीय दलों और निर्दलीय प्रत्याशी भी मैदान में हैं। जयपुर के 150 वार्डों में से 50 वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। चार वार्डों में 10 से अधिक प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, जबकि 16 वार्डों में भाजपा-कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है। मतदान के बाद 14 सितंबर को चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।