
PATRIKA PHOTO
जयपुर। राजधानी जयपुर में शुक्रवार को 150 वार्डों में नगर निगम के चुनाव हो रहे हैं। मतदान से कुछ घंटे पहले लालचंदपुरा स्थित जेडीए कॉलोनी में गुरुवार देर रात वाहनों में तोड़फोड़ का मामला सामने आने से चुनावी माहौल गरमा गया। वार्ड संख्या 26 में हुई इस घटना को चुनावी रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के वाहनों को निशाना बनाया। सूचना मिलने पर खोरा बीसल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मौका मुआयना किया। मामले में पीड़ित मोहनलाल चौधरी ने मुकदमा दर्ज कराया है।
पीड़ित मोहनलाल चौधरी के अनुसार घटना रात करीब साढ़े 12 बजे की है। वह अपनी स्कार्पियो लेकर लालचंदपुरा स्थित जेडीए कॉलोनी में था। इसी दौरान कैंपर गाड़ी सहित दो-तीन अन्य वाहनों में कुछ लोग वहां पहुंचे। आरोप है कि इन लोगों ने उसकी स्कार्पियो को टक्कर मारी। इसके बाद गाड़ी में तोड़फोड़ की गई। अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वारदात के बाद आरोपी अपनी गाड़ियों से मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलने पर खोरा बीसल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया और घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए। मौके पर मिली कैंपर गाड़ी को पुलिस ने थाना परिसर में खड़ा कराया। पुलिस अब कैंपर सहित अन्य वाहनों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
पुलिस को कैंपर गाड़ी के अंदर एक प्रत्याशी के नाम से संबंधित पर्चियां भी मिली हैं। इसके बाद चुनाव से जुड़े इस पहलू को भी जांच में शामिल किया गया है। हालांकि पर्चियां मिलने मात्र से घटना के पीछे चुनावी रंजिश होना पुलिस ने अभी स्पष्ट नहीं किया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
एसआई अभिषेक स्वामी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर घटना के पीछे चुनावी रंजिश की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि कहीं वारदात के पीछे पहले से चली आ रही कोई व्यक्तिगत रंजिश तो नहीं थी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Updated on:
11 Sept 2026 10:23 am
Published on:
11 Sept 2026 10:23 am
