
Jaipur Murder News (Ai Generated Image)
Jaipur Murder News: जयपुर। राजधानी जयपुर में एक ही परिवार के चार लोगों की निर्मम हत्या का मामला सामने आने से सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, करधनी थाना क्षेत्र के हाथोज स्थित स्कॉलर्स इंटरनेशनल स्कूल के पास गोविंदपुरी कॉलोनी में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और तीन बच्चों की कथित तौर पर सीमेंट के ब्लॉक से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी राहुल झा मौके से फरार हो गया। एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए।
वारदात की जानकारी पड़ोसियों को होने के बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद करधनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसएचओ सवाई सिंह पुलिस दल के साथ घटनास्थल पर मौजूद हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में किसी बात को लेकर विवाद होने की बात सामने आ रही है। हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
DCP बेस्ट प्रशांत किरण ने बताया कि सुबह 10 बजे सूचना मिली कि गोविंद वाटिका प्लॉट नंबर- ए-169 में राहुल झा ने पत्नी गीता झा, बेटी नंदनी, राधिका (17) और गौरी की हत्या की। शव घर के अलग-अलग कमरों में मिले हैं। एसीपी झोटवाड़ा ने बताया कि पुलिस घटना के बारे में जानकारी जुटा रही है और आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस आरोपी के संभावित ठिकानों के साथ उसके संपर्क में रहने वाले लोगों से भी जानकारी जुटा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, राहुल झा मध्यमवर्गीय परिवार से बताया जा रहा है। पुलिस अब परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वारदात से पहले परिवार में किसी तरह का विवाद चल रहा था या नहीं। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम की जांच और पुलिस की पूछताछ के बाद ही वारदात की पूरी तस्वीर और हत्या की वजह सामने आने की उम्मीद है।
Updated on:
11 Sept 2026 12:37 pm
Published on:
11 Sept 2026 11:55 am
