जयपुर

Gangaur Festival 2026: गणगौर माता की शाही सवारी के चलते बदला जयपुर का ट्रैफिक रूट, 2 दिन इन रास्तों पर नहीं जा सकेंगे वाहन

Gangaur Mata Shahi Sawari: पर्यटन विभाग की ओर से शहर में 21-22 मार्च को दो दिवसीय गणगौर महोत्सव मनाया जाएगा। ऐसे में जयपुर शहर में ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है।
2 min read
Mar 21, 2026
Gangaur Festival
गणगौर माता की शाही सवारी। पत्रिका फाइल फोटो

Jaipur Traffic Plan: जयपुर। पर्यटन विभाग की ओर से शहर में 21-22 मार्च को दो दिवसीय गणगौर महोत्सव मनाया जाएगा। पहले दिन शनिवार को सिटी पैलेस से शाम 5:45 बजे गणगौर की शाही सवारी रवाना होगी। शाही सवारी में 210 लोक कलाकार 32 पारंपरिक लवाजमे के साथ प्रस्तुतियां देंगे।

उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने बताया कि जयपुर की गणगौर की शाही सवारी की ग्लोबल ब्रांडिंग के खास नवाचार किए गए हैं। गणगौर सवारी का लाइव प्रसारण किया जाएगा और राजस्थानी फाउंडेशन के माध्यम से विदेश में बसे भारतीय व राजस्थान के लोग इसको सकेंगे।

दोनों दिन शाम 5:45 बजे से गणगौर की सवारी जनानी ड्योढ़ी से शुरू होकर त्रिपोलिया गेट, छोटी चौपड़, गणगौरी बाजार, चौगान स्टेडियम और तालकटोरा होते हुए सवारी पौंड्रिक गार्डन (पालिका बाग) पहुंचेगी। गणगौर माता की सवारी के दौरान जयपुर शहर में यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने विशेष मार्ग परिवर्तन और प्रतिबंध लागू किए हैं।

यह रहेगा विशेष ट्रैफिक प्लान

सिटी पैलेस क्षेत्र: नगर परिषद की मोरी, आतिश मार्केट, सार्दुल सिंह की नाल और चीनी की बुर्ज की तरफ से सिटी पैलेस की ओर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा।

परकोटा क्षेत्र: रामनिवास बाग और न्यू गेट से चौड़ा रास्ता में सामान्य यातायात नहीं जा सकेगा। गलियों से आने वाले वाहनों को भी त्रिपोलिया टी-पॉइंट की ओर जाने से रोका जाएगा।

चौपड़ व्यवस्था: बड़ी चौपड़ और छोटी चौपड़ से त्रिपोलिया की ओर जाने वाले यातायात को डायवर्ट किया जाएगा। अजमेरी गेट से छोटी चौपड़ जाने वाले वाहनों को यादगार तिराहे की ओर भेजा जाएगा।

चांदपोल और संजय सर्कल: संजय सर्कल से चांदपोल बाजार की ओर जाने वाले वाहनों को संसार चंद्र रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

चौगान स्टेडियम क्षेत्र: ब्रह्मपुरी बस स्टैंड से आने वाले यातायात को माउंट रोड और चौगान चौराहे से 12 भाइयों के चौराहे की ओर डायवर्ट किया जाएगा। गढ़ गणेश से आने वाले वाहन नाहरी का नाका की ओर भेजे जाएंगे।

भारी व हल्के वाहनों पर रोक: रामगढ़ मोड़, धोबीघाट, गलता गेट, घाटगेट, सांगानेरी गेट और अजमेरी गेट से परकोटा क्षेत्र के भीतर सिटी बस, मिनी बस और अन्य हल्के वाहनों का प्रवेश पूरी तरह निषेध रहेगा।

विशेष निर्देश: सवारी के पूरे मार्ग पर दोपहर 3:00 बजे के बाद किसी भी प्रकार के वाहन की पार्किंग की अनुमति नहीं होगी।

Published on:
21 Mar 2026 08:29 am